Bareilly News: सिक्सलेन होगी एयरपोर्ट जाने वाली सड़क, फोरलेन बनाएगा पीडब्ल्यूडी, दो लेन बीडीए के जिम्मे
बरेली में एयरपोर्ट तक सिक्सलेन सड़क बनाई जाएगी। फोरलेन का निर्माण पीडब्ल्यूडी कराएगा, टू लेन के लिए बीडीए बजट देगा।
विस्तार
बरेली में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) एयरपोर्ट के लिए फोरलेन सड़क बनाएगा। बाद में इसको सिक्सलेन कराने की जिम्मेदारी बीडीए ने ली है। कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद तय हुआ कि लोक निर्माण विभाग फोरलेन का एस्टीमेट बनाकर अपने मुख्यालय से मंजूर कराएगा। शेष टू लेन के लिए जो भी बजट चाहिए होगा, उसकी भरपाई बीडीए करेगा।
बरेली-पीलीभीत मार्ग पर बरेली हवाई अड्डा है। पीलीभीत के साथ ही यह सड़क उत्तराखंड जाने के लिए भी प्रमुख मार्ग है। रोज बीस हजार से अधिक वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसलिए चौड़ीकरण की जरूरत है। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने अपने मुख्यालय से टू लेन को फोरलेन करने के लिए 69 करोड़ रुपये का बजट मांगा है। वहीं, सड़क को फोर से सिक्सलेन करने के लिए कमिश्नर ने बीडीए को जिम्मेदारी सौंपी है।
बीडीए ने ये मार्ग कराए फोरलेन
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने बताया कि बैरियर-टू से बड़ा बाइपास को जोड़ने वाला मार्ग टू लेन है। इस मार्ग को पहले पीडब्ल्यूडी फोरलेन कराएगा, फिर बीडीए इसे सिक्सलेन बनाएगा। शहर के मार्गों के लिए बीडीए भी बजट दे रहा है। अब तक बदायूं, डोहरा और शाहजहांपुर मार्ग के शहरी हिस्से को बीडीए ने फोरलेन कराया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बैरियर टू से बड़ा बाइपास को जोडने वाले मार्ग को टू से फोरलेन करने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। इसे 2024-25 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। जल्दी ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इस मार्ग का शेष हिस्सा पहले ही फोरलेन हो चुका है।