फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   The question of life and death for the poor, but who stopped the game of ration mafia

गरीबों के लिए जिंदगी-मौत का सवाल मगर राशन माफिया का खेल कौन रोके

Fri, 22 May 2020 12:37 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 22 May 2020 12:37 AM IST
सार

कोरोना संकट के दौर में जिला प्रशासन के सामने यह नई चुनौती है कि सरकारी राशन पर माफियागर्दी बरकरार रहेगी या फिर राशन सप्लाई का पूरा सिस्टम माफिया के जबड़े से निकालकर जरूरतमंद गरीबों के लिए समर्पित किया जाएगा। यूं कहने को ऐसा कोई आंकड़ा नहीं है कि गरीबों के नाम पर सरकारी गोदामों से हर महीने निकलने वाले अनाज का कितना हिस्सा असलियत में उन तक पहुंच पाता है और कितना माफिया निगल जाते हैं लेकिन इस दावे को भी कोई चुनौती नहीं दे सकता कि माफिया के साथ सरकारी सिस्टम का भी हिस्सा तकरीबन हर कोटेदार के यहां बंटने वाले राशन में होता है। बहुत सारा राशन उन नामों पर जारी राशन कार्डों के जरिये हड़प लिया जाता है जिनके पास दरअसल राशन कार्ड होना ही नहीं चाहिए। दूसरी ओर तमाम उन लोगों को राशन कार्ड ही नहीं मिल पाता जिनका उसके बगैर पेट भरना मुश्किल है। कोरोना के दौर में एक बार फिर सरकार की ओर से कोशिश शुरू हुई है कि जरूरतमंदों को ज्यादा से ज्यादा राशन कार्ड दिए जाएं लेकिन बड़ा सवाल है कि सरकार के ही शहरी और ग्रामीण आबादी के एक निश्चित प्रतिशत को राशन कार्ड देने के नियम और अपात्रों पर राशन कार्डों की भरमार की जटिल स्थिति में अफसरशाही राशन के सिस्टम पर माफिया के नेटवर्क को आखिर कैसे तोड़ पाएगी।
गरीबों के लिए जिंदगी-मौत का सवाल

विज्ञापन
The question of life and death for the poor, but who stopped the game of ration mafia
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : AITMC

विस्तार

अमीरों से राशन कार्ड सरेंडर कराने की प्रशासन की कोशिशों का असर नहीं
विज्ञापन

प्रवासियों के लौटने के साथ बढ़ता जा रहा है नए राशन कार्ड बनाने का दबाव

बरेली। कोरोना के शिकंजे में कसे हजारों गरीबों के लिए राशनकार्ड की जरूरत जिंदगी और मौत का सवाल बनती जा रही है लेकिन सिस्टम के लिए नए राशन कार्ड बनाना भी उतना ही मुश्किल हो रहा है। यूं तो सप्लाई विभाग के पोर्टल पर सिर्फ तीन हजार ही ऑनलाइन आवेदन लंबित हैं लेकिन शिकायतों के आधार पर अनुमान लगाया जाए तो यह संख्या कई गुना ज्यादा हो सकती है। दूसरे, इनमें वे लोग भी शामिल नहीं हैं जो हाल ही में दूसरे शहरों से बेदखल होकर गांवों में लौटे हैं। चिंता की बात यह है कि मुफ्त राशन बांटे जाने की वजह से सरकारी गोदामों का स्टॉक लगातार कम हो रहा है। जिला प्रशासन की ओर से आर्थिक तौर पर मजबूत लोगों से अपने राशन कार्ड सरेंडर करने की अपील की जा रही है लेकिन अब तक एक भी राशन कार्ड सरेंडर नहीं हुआ है।
प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक जिले में अप्रैल से मई तक करीब आठ लाख अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के राशन कार्डों पर जरूरतमंदों को हजारों टन सस्ता या मुफ्त राशन दिया जाना है। अप्रैल और मई में 15-15 दिन के अंतर पर दो बार राशन बांटा जा चुका है। सरकार की चिंता है कि बड़े पैमाने पर मुफ्त राशन बांटे जाने से सरकारी गोदामों में तेजी से स्टॉक कम हो रहा है। इसी के मद्देनजर प्रशासन चाहता है कि ऐसे लोग अपने राशन कार्ड सरेंडर करें जिन्हें उनकी जरूरत नहीं है। कई दूसरे जिलों में सैकड़ों लोगों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर किए हैं लेकिन बरेली में अब तक पूर्ति विभाग को इस संबंध में एक भी आवेदन नहीं मिला है। ऐसे में पूर्ति विभाग के उस अभियान पर भी सवाल उठ रहा है जो हर साल अपात्रों के राशन कार्ड रद्द करने के लिए चलाया जाता है।
विज्ञापन

गांव-गांव राशन कार्ड को तरस रहे लोग रिकॉर्ड में लंबित आवेदन सिर्फ 2500

लॉकडाउन के बाद ग्रामीण इलाकों में राशन कार्ड बनाने की मांग तेजी से बढ़ी है लेकिन पूर्ति विभाग पहले से लंबित 2553 उन आवेदनों पर ही फैसला नहीं ले पा रहा है जो ऑनलाइन किए गए थे। शहरी क्षेत्र में ऐसे आवेदनों की संख्या 250 बताई गई है। हालांकि असल में शहर से लेकर देहात तक राशन कार्ड के लिए तरस रहे लोगों की संख्या इन आंकड़ों से तमाम गुना ज्यादा है। अब चुनौती इसलिए और बढ़ी है क्योंकि घर लौटे प्रवासी मजदूर और उनके परिवारों की ओर से भी बड़े पैमाने पर राशनकार्ड की मांग शुरू हो गई है। पूर्ति विभाग के आंकड़ों का यकीन किया जाए तो लॉकडाउन के बाद अब तक करीब 15 हजार नए राशनकार्ड बनाए जा चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

नया संकट: अतिरिक्त राशन बांटने की वजह से खाली होने लगे गोदाम

जिले में 99687 अंत्योदय और 693000 पात्र गृहस्थी के राशनकार्ड हैं। इन करीब आठ लाख लोगों को राशन की 1800 दुकानों से हर महीने एक लाख सात हजार क्विंटल गेहूं और 72 हजार क्विंटल से ज्यादा चावल सस्ती दर पर बांटा जाता है। लॉकडाउन में सभी राशन कार्ड पर प्रत्येक यूनिट पर पांच किलो अतिरिक्त राशन दिए जाने से हजारों क्विंटल का वितरण बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि इस वजह से सरकारी गोदामों का स्टॉक तेजी से कम हो रहा है।

सरकार के मानक के मुताबिक शहर में 64 प्रतिशत आबादी और ग्रामीण क्षेत्र में 79 प्रतिशत आबादी के पास राशन कार्ड होना चाहिए। इस मानक को धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है। पात्रों के नए राशन कार्ड बनाने के लिए सभी कार्ड वालों की नए सिरे से जांच कराकर अपात्रों को हटाया जाएगा। अब जिले में राशन कार्ड सरेंडर करने के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। -सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी

हजियापुर में पकड़ा गए राशन को सरकारी माना.. फिर भी कोटेदारों को क्लीन चिट

बरेली। राशन के घोटालों पर सिस्टम के ही हाथों लीपापोती कर दिए जाने का सिलसिला पहले से काफी लंबा है, लॉकडाउन के बीच हजियापुर में सरकारी राशन पकड़े जाने के बाद भी ऐसा कर दिया गया। माफिया पर धारा 3/7 के तहत केस दर्ज कराया गया लेकिन जांच की रस्म अदायगी कर इलाके के कोटेदारों को क्लीन चिट दे दी गई। यह भी पता नहीं लगाया गया कि कोटेदारों ने गड़बड़ी नहीं की तो सरकारी राशन आया कहां से।
पिछले दिनों हॉटस्पॉट रहे हजियापुर में पुलिस और पूर्ति विभाग ने आजिम नाम के एक शख्स के पास 27 कट्टों में 13.5 क्विंटल चावल, दो कट्टों में गेहूं और सात कट्टों में आटा बरामद किया था। घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी में भी चावल के 40 और कट्टे मिले थे। यह पुष्टि भी हुई यह सरकारी राशन था और आजिम ने भी स्वीकार किया कि वह राशन कार्ड धारकों से ही सस्ता गेहूं खरीदकर उसके आटे के पैकेट बाजार में बेचता था। इसी तरह मुफ्त मिला चावल भी बाजार में बिक रहा था लेकिन इसके बावजूद पूर्ति विभाग की जांच यह साफ नहीं कर पाई कि आजिम के पास सरकारी राशन कहां से आया।
डीएसओ सीमा त्रिपाठी के मुताबिक उन्होंने हजियापुर के तीन कोटेदारों के स्टॉक की जांच कराई लेकिन किसी कोटेदार का स्टॉक कम नहीं मिला। लिहाजा तीनों को क्लीन चिट दे दी गई। इस आशंका को भी बगैर जांच के ही दरकिनार कर दिया गया कि सरकारी राशन का यह खेल फर्जी राशन कार्डों पर ही चल रहा था।

इस मामले में कोटेदारों के स्टॉक की जांच कराई गई थी लेकिन वहां कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। मामले की एफआईआर दर्ज है। बाकी पुलिस भी जांच कर रही है।-सीमा त्रिपाठी, डीएसओ

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed