Bareilly News: जिसका बूथ मजबूत, सपा में उसी को मिलेगा विधानसभा चुनाव का टिकट, प्रभारी ने दिया संकेत
सपा के शहर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी निर्मोज यादव बृहस्पतिवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने नेताओं को पीडीए पंचायत में सक्रियता और बूथ स्तर पर मजबूती बढ़ाने के लिए कहा।
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) में जिस प्रत्याशी का बूथ मजबूत होगा और पीडीए पंचायत में सक्रियता होगी। उसी को विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की संभावना भी उतनी अधिक होगी। बरेली में बृहस्पतिवार को शहर विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा करने के लिए पहुंचे प्रभारी व पूर्व जिलाध्यक्ष अमरोहा निर्मोज यादव ने नेताओं को पीडीए पंचायत में सक्रियता और बूथ स्तर पर मजबूती बढ़ाने के लिए कहा।
मिशन कंपाउंड स्थित सपा कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी ने कहा कि शहर विधानसभा की सीट सपा ने बहुत कम अंतर से पिछली बार हारी थी। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का निर्देश है कि बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए।
प्रमुख नेताओं से बंद कमरे में भी उन्होंने मुलाकात कर स्थानीय हकीकत को परखा। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी मौजूद रहे। पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पार्षद दल नेता गौरव सक्सेना, शहर विधानसभा अध्यक्ष हसीब खान, महानगर महासचिव दीपक शर्मा, प्रदेश सचिव मो. कलीमउद्दीन, पार्षद राजेश अग्रवाल ने प्रभारी का स्वागत किया।
बैठक में छाए रहे विवाद
बैठक के दौरान प्रभारी निर्मोज यादव ने संगठन के पदाधिकारियों को सक्रियता और जमीनी स्तर पर पहुंच बढ़ाने के लिए कहा। इस पर एक पदाधिकारी ने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रियता कैसे बढ़ेगी? जब खुद जिला महासचिव संजीव यादव पिछले ढाई साल से कार्यालय ही नहीं आए। तीन साल पहले उनको महासचिव बनाया गया था। इस पर संजीव यादव ने कोई भी बयान देने से मना कर दिया है।
इसके अलावा प्रभारी के संग बैठक की सूचना नहीं दिए जाने पर शहर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी कर रहे प्रदेश प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी ने भी अपनी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कुछ पदाधिकारी जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं जिससे पार्टी शहर विधानसभा क्षेत्र में कमजोर हो। इसकी जानकारी उन्होंने प्रभारी को भी दी है।