सौर ऊर्जा से रोशन होगा शहर: अयोध्या की तर्ज पर सोलर सिटी के रूप में विकसित होगा बरेली
सोलर सिटी परियोजना के तहत शहर में सोलर ट्री से स्ट्रीट लाइटें जगमग होंगी। पार्किंग व पर्यटन स्थल, बस व रेलवे स्टेशन भी सौर ऊर्जा से जगमगाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अब शहर सौर ऊर्जा से रोशन होगा। बरेली और शाहजहांपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश में अयोध्या को पहले ही सोलर सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है। अब इसी तर्ज पर बाकी महानगरों में भी काम होगा। सोलर सिटी परियोजना के तहत शहर में सोलर ट्री से स्ट्रीट लाइटें जगमग होंगी। पार्किंग व पर्यटन स्थल, बस व रेलवे स्टेशन भी सौर ऊर्जा से जगमगाएंगे। इन शहरों में ई-रिक्शा को बढ़ावा देने के साथ ही जगह-जगह सौर ऊर्जा चालित वाटर कियोस्क लगाए जाएंगे।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने शासनादेश का जिक्र करते हुए बरेली व शाहजहांपुर नगर निगम को पत्र लिखा है। कहा कि शहर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किए जाने के लिए नेडा (नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण) से समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर उसे नेडा के निदेशक को भेज दें। शासन का मानना है कि इस परियोजना से शहरों की सुंदरता बढ़ेगी और बिजली की खपत घटेगी।
ये भी पढ़ें- महिला दरोगा की अर्जी खारिज: दूसरे समुदाय के ड्राइवर से विवाह के लिए किया था आवेदन; ये था पूरा मामला
पटरी बाजारों को भी सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। शहर के मुख्य मार्ग, शौचालय, नगर निगम के दफ्तर सौर ऊर्जा से जगमग होंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नगर निगम, कलक्ट्रेट और कमिश्नरी में सोलर ट्री बनाकर पहले से ही सोलर लाइटें लगाई गई हैं। अब निगम अपने सभी जोनल ऑफिस और अन्य भवनों की छत के साथ सार्वजनिक शौचालयों पर सोलर पैनल लगवाएगा। इसके लिए सार्वजनिक शौचालय चिह्नित किए जाएंगे। उद्देश्य यह भी है कि नगर निगम का बिजली खर्च भी बचाया जाए। अभी नगर निगम हर माह करीब छह करोड़ रुपये की बिजली खर्च करता है।
150 से 600 किलोवाट तक के पैनल लगेंगे
प्रोजेक्ट के तहत डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इसमें 150 से 600 किलोवॉट तक के पैनल लगाए जाएंगे। इन पैनलों को बिजली विभाग की ओर से तैयार किए गए सबस्टेशनों से जोड़ा जाएगा। वहां से बिजली ग्रिड को पहुंचाई जाएगी। ग्रिड से वही बिजली वापस शहर की स्ट्रीट लाइटों को दी जाएगी।
सोलर वेंडिंग जोन भी होंगे तैयार
प्रोजेक्ट के तहत सोलर सिटी में 50 किलोवाट के पैनल के जरिये 40 से 50 दुकानों को आच्छादित करते हुए वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। पर्यटन स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सोलर ट्री लगाए जाएंगे। इसमें एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। मोबाइल फोन और लैपटॉप चार्ज करने की भी व्यवस्था होगी। सौर ऊर्जा से चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जाएंगे। यह अयोध्या का मॉडल है। अयोध्या में अब तक 40 सोलर ट्री लगाए गए हैं।