शिक्षक एमएलसी चुनाव: बरेली में भाजपा और सपा प्रत्याशियों ने दाखिल किया पर्चा, मंगलवार को आखिरी दिन
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो, सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर समेत सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जिससे कुल संख्या 11 हो गई है। मंगलवार नामांकन का अंतिम दिन है।
विस्तार
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो, सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर, माध्यमिक शिक्षक संघ के डॉ. सुनीत गिरि समेत सात दावेदारों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक 11 दावेदारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है।
राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के नामांकन की सूचना पर सोमवार को परिसर छावनी में तब्दील रहा। दोपहर दो बजे भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो समर्थकों के साथ नामांकन करने आए। प्रत्याशी समेत महापौर उमेश गौतम, स्नातक एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, महाराज सिंह, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष टीआर गंगवार व अन्य प्रस्तावकों को परिसर में प्रवेश दिया गया। दोपहर ढाई बजे सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर समर्थकों के साथ पहुंचे। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत प्रस्तावकों को प्रवेश मिला।
इनके अलावा निर्दलीय मुरादाबाद के विमलेंद्र कुमार शर्मा, शाहजहांपुर के संजय मिश्रा, बरेली के रमेश चंद्र, बिजनौर के बहार आलम, संभल के विद्युत कुमार, बिजनौर के रोहित अल्ताफ, शाहजहांपुर के नेत्रपाल ने नामांकन कराया। सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर की पत्नी नाज रिजवी ने भी निर्दलीय के रूप में पर्चा दाखिल किया है।
ढिल्लो पर 46 लाख का कर्जा
भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के नाम करीब 93 लाख रुपये की अचल संपत्ति है, जबकि शिक्षक पत्नी के नाम 2.15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। शपथपत्र के मुताबिक, डॉ. ढिल्लो के नाम 42.66 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें नकदी, बैंक जमा, 2018 मॉडल की बोलेरो, 200 ग्राम सोना, एक किलो चांदी, लाइसेंसी हथियार शामिल हैं। पत्नी के नाम 78.66 लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं। इसमें बैंक जमा के साथ कंपनियों के शेयर, 455 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी शामिल है। डॉ. ढिल्लो पर बैंकों का 46.19 लाख रुपये और पत्नी पर 69,436 रुपये कर्ज है।
दानिश पर 27.83 लाख का कर्ज
बिजनौर निवासी सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के पास 34.11 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जबकि इनपर 27.83 लाख रुपये की देनदारी है। अचल संपत्ति करीब 25 लाख रुपये और पत्नी नाज रिजवी के नाम 47.51 लाख रुपये की चल संपत्ति (नकदी, सोने-चांदी) है। दानिश अख्तर ने शिक्षक पेशे से 89,736 रुपये मासिक वेतन को मुख्य आय, मोबाइल टावर से 6,250 रुपये मासिक किराये को अतिरिक्त आय बताई है।