Bareilly News: नशे की वजह से कर्ज में डूबा शिक्षक तो पत्नी से मांगा दहेज, मना करने पर बंधक बनाया
बरेली में सहायक अध्यापक ने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी को बंधक बना लिया। विवाहिता ने पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता का मुक्त कराया। विवाहिता ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बरेली में नशे की वजह से कर्ज में डूबे सहायक अध्यापक ने अपनी पत्नी पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया। पत्नी ने मजबूरी जताई तो उसे घर में बंधक बना लिया। मौका देखकर पत्नी ने यूपी 112 पर कॉल की तो पुलिस ने उसे बंधन मुक्त कराया। इज्जतनगर थाने में पति समेत ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर के सौ फुटा रोड निवासी वर्षा जे. प्रसाद ने इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि उनका विवाह 2017 में पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी अभिषेक जौहरी से हुआ था। अभिषेक पीलीभीत जिले के फिरसा चुर्राह प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक है।
पति ने छुड़वा दी नौकरी
वर्षा का आरोप है कि एक साल से अभिषेक नशे की लत में उनकी लगभग रोज पिटाई करता। उन्हें जातिसूचक गाली देता है। पहले वह एक स्कूल में शिक्षिका थीं। पति ने चरित्र पर सवाल उठाकर व तलाक की धमकी देकर उनकी नौकरी छुड़वा दी। अभिषेक पर काफी कर्जा हो गया तो उसने उनका जेवर भी लेकर कहीं गिरवी रख दिया।
सोमवार रात उसने फिर नशे में वर्षा व अपने सात साल के बेटे की पिटाई की। उनसे मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया। वर्षा ने माता-पिता के वृद्ध होने की बात कहकर मजबूरी जताई तो उसने वर्षा को बंधक बना लिया। वर्षा ने शौच के बहाने कमरे से निकलकर यूपी 112 पर सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वर्षा को बंधनमुक्त कराया।
आरोप : ननद घर कब्जाने पर उतारू, ससुर कह रहे तलाक दो
थाने में मौजूद प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अंजना दाहिया ने भी वर्षा से पूछताछ की। वर्षा ने बताया कि अभिषेक के पिता जगदीश चंद्र जौहरी, बहन भावना, शालिनी, अर्चना, बहनोई संजीव, धरम नागर और पीयूष भी अभिषेक को तलाक के लिए उकसाते हैं। एक बहन उनका सौ फुटा वाला घर कब्जाने की कोशिश में हैं। इज्जत नगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।