Bareilly News: हवालात से लंगड़ाते निकला इंस्पेक्टर को धमकाने का आरोपी तौफीक प्रधान, खुद को बताता था बसपा नेता
बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर तौसीफ प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। उसने कॉल कर इंस्पेक्टर को धमकाया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी से तमंचा बरामद हुआ है। वह खुद को बसपा नेता बताता था।
विस्तार
बरेली में खुद को बसपा नेता बताकर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को फोन कॉल पर धमकाने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान को बारादरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तमंचा-कारतूस की बरामदगी कर पुलिस ने उसकी कायदे से खबर ली। हवालात से लंगड़ाते निकले तौफीक का चालान कर दिया गया।
तौफीक प्रधान फतेहगंज पूर्वी से आकर शहर के बारादरी इलाके की पशुपति विहार कॉलोनी में बस गया है। उसने हाल ही में बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को फोन कॉल पर हड़काने की कोशिश की थी। इसकी रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई थी। बताते हैं कि तकरार का ऑडियो खुद तौफीक ने ही वायरल किया था। इसके बाद बुधवार को बारादरी पुलिस ने तौफीक प्रधान को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका लंगड़ाते हुए वीडियो जारी किया।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पशुपति विहार में पुलिस गश्त कर रही थी, तभी तौफीक प्रधान अलाव सेंकते मिला। पूछताछ करने पर वह अभद्रता करने लगा। तलाशी में उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर तौफीक का चालान कर दिया गया। तौफीक फतेहगंज पूर्वी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह कई बार जेल जा चुका है।
रील बनाने का शौकीन है तौफीक, भीम आर्मी ने किया था बाहर
हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान फिल्मी डॉयलाग पर रील बनाने का शौकीन है। पहले वह भीम आर्मी से जुड़ा था, पर उसे वहां से बाहर कर दिया गया था। कुछ समय से वह बसपा में सक्रिय हो गया था। वरिष्ठ नेता मुनकाद अली व अन्य के साथ वीडियो वायरल कर रहा था। तौफीक की इंस्टाग्राम आईडी पर कई वीडियो फिल्मी डायलॉग पर टशन दिखाते हुए भी अपलोड हैं।
तौफीक ने इंस्पेक्टर के साथ हुई झड़प के ऑडियो का इस्तेमाल कर वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। तौफीक की इंस्टाग्राम आईडी पर एक और वीडियो डाला गया है। इसमें डायलॉग लगा है कि होगा पावरफुल...हमने बड़ों-बड़ों के पावर ढीले कर दिए। कमिश्नर इस इलाके में एक ही आदमी पावरफुल है। तौफीक की कई रील अब वायरल हो रही हैं।
संबंधित वीडियो