Summer Vacation: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एक जून से गर्मी की छुट्टी, जानें कॉलेजों में कब तक रहेगा अवकाश
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय परिसर, संघटक और संबद्ध कॉलेजों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीख घोषित कर दी है। ग्रीष्मकालीन अवकाश एक जून से 10 जुलाई तक रहेगा। हालांकि इस दौरान परीक्षाएं पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार चलती रहेंगी।
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में एक जून से 10 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इस अवधि में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसमें ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश दिया जाएगा।
बरेली कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. पम्पा गौतम के अनुसार जिन प्राध्यापकों की ड्यूटी परीक्षा कराने में लगाई गई है, वे निर्धारित तिथि में परीक्षाएं कराएं। इस अवधि में जो शिक्षक ड्यूटी करेंगे, उन्हें एक के बदले एक प्रतिकर अवकाश दिया जाएगा।
दरअसल, विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक सम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं 10 मई से कराई जा रही हैं जो 27 जून तक चलेंगी। कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए 17 सदस्यों की टीम बनाई गई है। ये टीम जून में भी कार्य करेंगी। साथ ही विभिन्न विषयों की मौखिक परीक्षाएं चल रही हैं, जोकि जून में खत्म होंगी।
बीकॉम की मिड टर्म परीक्षा 28 मई को
वाणिज्य विभाग प्रभारी प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बीकॉम दूसरे, चौथे, छठवें सेमेस्टर और एमकॉम दूसरे व चौथे सेमेस्टर के जिन विद्यार्थियों की मेजर या व्यावसायिक विषयों की मिड टर्म परीक्षाएं छूट गई हैं, वे 28 मई को परीक्षा देने के लिए विभाग में पहुंचे। उनके लिए यह अंतिम अवसर होगा। इसके बाद मिड टर्म परीक्षाएं नहीं कराई जाएंगी।