UP: शाहजहांपुर के रेस्टोरेंट में की थी स्टाफ नर्स की हत्या, अब पीलीभीत में पेड़ से लटका मिला आरोपी का शव
शाहजहांपुर के पिज्जा हब रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार शाम को बाथरूम में स्टाफ नर्स का शव मिला था। पुलिस के मुताबिक गला घोंटकर नर्स की हत्या की गई थी। उसके साथ पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र निवासी शुभम शुक्ला आया था। नर्स की हत्या के बाद से वह फरार था। शनिवार को उसका शव पूरनपुर क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला।
विस्तार
शाहजहांपुर के चारखंभा स्थित पिज्जा हब रेस्टोरेंट में नर्स की हत्या करने के आरोपी शुभम शुक्ला का शव पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में शनिवार को गांव पड़रिया के समीप पेड़ से लटकता मिला। घटना के अगले दिन शुक्रवार से उसके मोबाइल की लोकेशन शाहजहांपुर पुलिस को गांव के आसपास मिल रही थी। शुभम ने घटना को लेकर वीडियो अपने भाई को भेजा था। जिसमें घटना की जानकारी देकर आत्महत्या करने की बात कहते हुए एक रस्सी को भी दिखाया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
शुभम बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे नौकरी की तलाश में अपनी पत्नी को पलिया जाने की जानकारी देकर घर से निकला था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसकी पत्नी की मोबाइल पर बात हुई थी। तब शुभम ने पलिया से कुछ देर बाद चलने की जानकारी पत्नी को दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। शुक्रवार को उसने जब अपना मोबाइल खोला तब शाहजहांपुर पुलिस को उसकी लोकेशन गांव पड़रिया के समीप जंगल में मिली।
बेवफा निकली वो: पत्नी की बेवफाई से आहत युवक ने खुदकुशी से पहले बनाया वीडियो, मेरी बीवी के युवक से संबंध हैं...
इसके बाद समीप के गांव रंपुराकोन में लोकेशन मिलने पर पुलिस ने गांव के लोगों से उसकी जानकारी की। जिसमें पता चला कि शुभम गांव में आया था। इसकी जानकारी पर शाहजहांपुर की पुलिस ने पूरनपुर पुलिस को दिखवाने को कहा। शुभम की ओर से शुक्रवार को जारी वीडियो की जानकारी भी शाहजहांपुर पुलिस को हो गई थी। पुलिस बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार को गांव पड़रिया पहुंची थी। शुभम की लोकेशन वाले स्थानों पर भी पुलिस ने पहुंचकर जानकारी की थी। शनिवार को सुबह पांच बजे लोकेशन ट्रेस कर पहुंची, तो शाहजहांपुर पुलिस ने शीशम के पेड़ पर फंदे से लटकता शुभम का शव देखा।
पुलिस ने सुबह छह बजे गांव के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान कराई। हत्यारोपी के फंदे पर लटकने की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। शुभम की जेब में पुलिस को उसका मोबाइल और बाइक की चाबी भी मिली। घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस ने उसकी बाइक को भी बरामद कर लिया। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि शनिवार को शुभम के शव लटकने की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर शुभम की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
मोबाइल खुले तब घटना के राज का हो सकता है खुलासा
शुभम शुक्ला का बरामद मोबाइल स्क्रीन खराब होने से नहीं खुल सका। पुलिस मोबाइल में घटना से संबंधित राज की जानकारी को मोबाइल खुलवाने की कोशिश में जुटी रही। आरोपी का मोबाइल खुलने पर घटना को लेकर कुछ राज पुलिस के हाथ लग सकता है।