बरेली में दरोगा की दबंगई: लात मारकर गिराईं बाइक, लोगों से किया दुर्व्यवहार; एसएसपी ने की ये कार्रवाई
बरेली में लात मारकर बाइक गिराना और लोगों से दुर्व्यवहार करना एक दरोगा को भारी पड़ गया। उसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
विस्तार
बरेली के भमौरा थाना क्षेत्र के देवचरा बाजार में दरोगा ने आमजन की बाइकों को लात मार कर गिराया। लोगों से दुर्व्यवहार किया। किसी ने दरोगा की करतूत का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद आरोपी दरोगा नरेंद्र राघव को एसएसपी ने बृहस्पतिवार को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी ने दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है।
भाई दूज की खरीदारी के लिए देवचरा बाजार में बुधवार को लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। भमौरा थाने का सीनियर सब इंस्पेक्टर नरेंद्र राघव देवचरा बाजार आया और लोगों से गालीगलौज करते हुए सड़क किनारे खड़ी उनकी बाइक को लात मार कर गिराने लगा। लोगों के विरोध करने पर दरोगा ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। दरोगा की करतूत का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
सीओ आंवला को सौंपी जांच
वीडियो का संज्ञान लेकर एसएसपी ने सीओ आंवला नितिन कुमार को जांच का निर्देश दिया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर उन्होंने दरोगा नरेंद्र राघव को लाइन हाजिर कर दिया है। इस संबंध में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि यदि कहीं कोई गलत कर रहा है तो पुलिसकर्मी वैधानिक तरीके से कार्रवाई करें। मगर, उसकी आड़ में बदसलूकी कहीं से भी स्वीकार्य नहीं है।