Bareilly News: कांवड़ सेल में दरोगा ने नहीं कराई आमद, एसएसपी अनुराग आर्य ने किया निलंबित
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने कांवड़ सेल का गठन किया था। दरोगा शशांक सिंह को वहां अतिरिक्त कार्यभार दिया, लेकिन दरोगा आमद कराने नहीं पहुंचे। इस पर एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
बरेली में कांवड़ सेल में आमद न कराने वाले दरोगा शशांक सिंह को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। कुछ दिन पहले शशांक की पत्नी ने भी सीबीगंज थाने में उनके खिलाफ उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वीआईपी सेल में उप निरीक्षक शशांक सिंह की नियुक्ति चल रही थी। कुछ समय पहले एसएसपी अनुराग आर्य ने कांवड़ सेल का गठन किया तो शशांक को वहां अतिरिक्त कार्यभार दे दिया। बताते हैं कि शशांक न तो कांवड़ सेल में आमद कराने पहुंचे और न ही पूर्व दायित्व (वीआईपी सेल के कार्यों) को निभाया।
पिछले दिनों एसपी सिटी ने कांवड़ सेल में भ्रमण किया तो कार्यक्रम की ड्यूटी लगवाने में बुलाने के बाद भी शशांक सिंह नहीं आए थे। इस पर एसएसपी ने शशांक सिंह को निलंबित करके विभागीय जांच बैठा दी है।
लूट-हत्या की कोशिश के मामले में इंस्पेक्टर ने किया खेल!
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में लूट और हत्या की कोशिश के आरोपियों को थाने में समझौता कराकर छोड़ने का मामला इंस्पेक्टर के गले की फांस बन गया है। आईजी ने मामले में एसएसपी को जांच कराने के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट तलब की है।
इज्जतनगर थाने में रिटायर्ड दरोगा सफदर अली ने खलीक अहमद, बिलाल हुसैन और 45 अज्ञात लोगों पर बलवा, लूट व हत्या की कोशिश की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने सफदर अली की लाइसेंसी राइफल लूटने और हत्या की कोशिश की थी। इस घटना के दौरान सफदर अली का भी राइफल ताने वीडियो वायरल हुआ था, जिसे उन्होंने आत्मरक्षा की बात कहा था।
तब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में शांतिभंग के आरोप में चालान करके मामला निपटा दिया गया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर राधेश्याम की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। इस मामले में आईजी डॉ राकेश कुमार सिंह ने एसएसपी अनुराग आर्य को जांच के आदेश दिए हैं।