सपा ने धर्मेंद्र यादव का काटा टिकट: शिवपाल सिंह लड़ेंगे बदायूं से चुनाव, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन पर दांव
सपा ने बरेली समेत मंडल की चार सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बदायूं से धर्मेंद्र यादव का टिकट काटकर शिवपाल सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। बरेली लोकसभा सीट से प्रवीण सिंह ऐरन को टिकट दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें बदायूं से प्रत्याशी बदल दिया गया है। यहां से अब शिवपाल सिंह यादव चुनाव लड़ेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पहली सूची में धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी घोषित किया था। बता दें कि धर्मेंद्र यादव बदायूं से लगातार दो बार के सांसद रह चुके हैं। बदायूं से टिकट काटकर धर्मेंद्र यादव को कन्नौज और आजमगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।
सपा ने बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन को बनाया प्रत्याशी
सपा ने बरेली से पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन पर भरोसा जताया है। ऐरन दो बार विधायक और एक सांसद रह चुके हैं। वो दो बार मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह पहली बार 1989 में जनता दल से चुनाव लड़कर विधायक बने थे। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सके। 1993 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता।
लोकसभा चुनाव 2024: बरेली मंडल की पांच सीटों पर सपा ने उतारे बाहरी प्रत्याशी, पार्टी में अंदरखाने विरोध शुरू
प्रवीण सिंह ऐरन 1993 से 1995 तक राज्य मंत्री विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी रहे। वर्ष 1995 में स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी रहे। वर्ष 2009 में प्रवीण सिंह ऐरन कांग्रेस से लोकसभा का चुनाव लड़े। उन्होंने भाजपा के संतोष गंगवार को हराया था। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले फिर सपा के साथ आ गए। इस बार सपा ने उन्हें बरेली से लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। प्रवीण सिंह ऐरन की पत्नी सुप्रिया ऐरन बरेली की मेयर रह चुकी हैं।
आंवला और शाहजहांपुर से भी घोषित हो चुके हैं प्रत्याशी
एक दिन पहले सोमवार को सपा प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी हुई है। दूसरी सूची में आंवला और शाहजहांपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए। आंवला सीट पर सपा जातिगत समीकरण साधते हुए आगे बढ़ रही है। यहां से नीरज मौर्य को प्रत्याशी बनाया गया है। शाहजहांपुर से राजेश कश्यप को टिकट दिया है। सपा कार्यकर्ताओं के अनुसार राजेश नोएडा के रहने वाले हैं। 2022 में फरीदपुर से विधानसभा का टिकट मांग रहे थे।