UP News: सद्दाम और लल्ला गद्दी समेत नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, मुकदमे से निकाले गए अशरफ-असद के नाम
बरेली जेल में बंद रहे अशरफ से अवैध तरीके से मुलाकात करने के मामले में एसआईटी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में सद्दाम और लल्ला गद्दी भी नाम भी शामिल हैं। वहीं अशरफ और असद के नाम मुकदमे से हटा दिए गए हैं।
विस्तार
बरेली जिले में बंद रहे अशरफ के मामले में एसआईटी के विवेचक ने नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इनमें अशरफ का साला सद्दाम और लल्ला गद्दी भी शामिल हैं। इनमें अशरफ के गुर्गे लल्ला गद्दी को पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि एक लाख का इनामी सद्दाम फरार है। बताया जा रहा है कि सद्दाम दुबई भाग गया है।
जिला जेल में बंद रहे अशरफ को सहूलियत देने के मामले में सात मार्च को बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें अशरफ के साले सद्दाम, गुर्गे लल्ला गद्दी समेत जेल के आरक्षियों के नाम शामिल थे। इसके बाद जेल में अशरफ से मुलाकात करने वाले शूटरों के नाम भी सीसीटीवी फुटेज देखकर बढ़ाए गए थे।
फुटेज के आधार पर बढ़ाए गए थे नाम
फुटेज के आधार पर अतीक अहमद के बेटे असद, गुड्डू मुस्लिम, गुलाम, फरमान, विजय चौधरी और सदाकत आदि के नाम बढ़ाए गए थे। अशरफ को भी मुख्य आरोपी के तौर पर घटना में शामिल किया गया था। कुछ दिनों पहले अशरफ की प्रयागराज में हत्या कर दी गई थी। असद, उस्मान, विजय चौधरी और गुलाम पुलिस एनकाउंटर में मार दिए गए थे।
Atiq Ashraf Murder: असद के एनकाउंटर के बाद कर्नाटक के रास्ते दुबई भागा अशरफ का साला सद्दाम, अब कुर्की ही सहारा
एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी ने प्रयागराज जाकर उनकी मौत से संबंधित साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने बरेली लौटकर मृतकों के नाम केस से निकाल दिए। इसके बाद बाकी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई है।
चार्जशीट में इन आरोपियों के नाम
चार्जशीट में सद्दाम, लल्ला गद्दी, जेल वार्डन शिवहरि अवस्थी व मनोज गौड़, कैंटीन कर्मचारी दयाराम, राशिद अली, फुरकान, सलाहुद्दीन फरहाद और आरिफ के नाम हैं। फिलहाल सद्दाम को छोड़कर बाकी आरोपी जेल में बंद हैं। एसपी सिटी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। सद्दाम की तलाश की जा रही है।