मुसीबत की बाढ़ : समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस, बीमार बच्ची ने गोद में तोड़ा दम, रो-रोकर बेसुध हुई मां
लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ से विकराल स्थिति हो गई है। जिले के कई इलाके जलमग्न हैं, जिससे आवागमन ठप हो गया है। मझगई इलाके में बाढ़ के बीच बेबसी की दिल झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां बीमार बच्ची को समय से उपचार नहीं मिल सका, जिससे उसकी जान चली गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मझगई इलाके में बीमार बच्ची को लेकर माता-पिता बाढ़ के पानी से जैसे-तैसे गुजरकर सलीमाबाद चौराहे पर तो पहुंच गए। मगर एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। मासूम बच्ची ने मां की गोद में दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद मां रो रोकर बेसुध हो गई। मामला मझगई थाना क्षेत्र के गांव सेमरहिया का है।
गांव सेमरहिया निवासी राकेश की दो वर्षीय पुत्री को बुखार आ रहा था। बाढ़ में रास्तों पर भरे पानी के कारण बच्ची को इलाज के लिए कहीं नहीं ले जा पा रहे थे। क्षेत्रीय लेखपाल ने बुखार से पीड़ित बच्ची के पिता राकेश को बुधवार सुबह सलीमाबाद चौराहे पर किसी तरह से लाने को कहा था। चौराहे पर एंबुलेंस मिलने की बात कही थी।
बाढ़ का कहर जारी
मझगई इलाके में बाढ़ का कहर जारी है। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे ईदगाह के पास हाईवे पर तीन से चार फीट पानी चल रहा था। बललीपुर, नौगवा से खाले पुरवा, चौरी जाने वाले रास्तों पर भी पानी है। कस्बे का थाना भी जलमग्न है। राजापुरवा गांव में पानी भर जाने से गांव टापू बन गया। लोग मंगलवार शाम से हाईवे पर डेरा डाले हैं।
शारदा नदी में समाया स्कूल
ब्लॉक बिजुआ तहसील सदर की ग्राम पंचायत गुजारा में प्राथमिक विद्यालय कुरिआना शारदा नदी में कट गया। सिंघिया फार्म, कुरिआना में अमेरिका उर्फ पहलवान व बीरू का घर कटा। मोतीलाल का मकान भी कटान के जद में आ गया। बताया जा रहा है कि करीब 25 एकड़ जमीन कट चुकी है। ग्राम पंचायत करसौर के मजरा चकपुरवा का अस्तित्व समाप्त करने के बाद शारदा नदी कटान करती हुई नयापुरवा की तरफ बढ़ रही है। जंगल नंबर सात मे कई गांवों को जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.