हत्या या हादसा: मालगाड़ी के इंजन में फंसा मिला महिला का कटा सिर, धड़ की तलाश में जुटी पुलिस
इंस्पेक्टर जीआरपी ध्रुव कुमार ने बताया कि इंजन में महिला का सिर कैसे पहुंचा, इसकी छानबीन की जा रही है। महिला की शिनाख्त कराने की भी कोशिश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामगंगा ब्रिज स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन की कपलिंग में शुक्रवार रात एक महिला का कटा सिर फंसा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु चार से छह दिन पहले होने की संभावना जताई गई है। जीआरपी ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई कि मामला हत्या का है या हादसे में महिला की जान गई। फिलहाल महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
चंदौसी जा रही खाली मालगाड़ी के इंजन के पीछे कपलिंग में शुक्रवार रात करीब 12:55 बजे प्वाइंट्समैन ने उस वक्त महिला का कटा हुआ सिर फंसा देखा जब रामगंगा ब्रिज स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर मालगाड़ी का इंजन बदला जा रहा था। प्वाइंटमैन के शोर मचाने पर स्टेशन मास्टर समेत कई रेलकर्मी पहुंच गए। इसके बाद जंक्शन जीआरपी को सूचना दी गई।
जीआरपी जंक्शन के एसआई टीकम सिंह ने रामगंगा ब्रिज स्टेशन पहुंचने के बाद कटे हुए सिर को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला का सिर चार से छह दिन पुराना है। आशंका जताई जा रही है कि या तो महिला हादसे की शिकार हुई है या फिर किसी ने महिला की हत्या कर सिर को मालगाड़ी के इंजन की कपलिंग में फंसा दिया।
जंक्शन जीआरपी के मुताबिक महिला का सिर भीषण गर्मी के साथ इंजन की हीट के कारण काफी खराब हो गया था। महिला की शिनाख्त के साथ उसके धड़ की तलाश के लिए जीआरपी बरेली तक आने वाले सभी स्टेशनों पर छानबीन करने में जुटी हुई है। जीआरपी ने स्टेशनों के साथ आसपास के जिलों की सिविल पुलिस को भी घटना की सूचना भेजी है ताकि कहीं महिला का धड़ बरामद हुआ हो तो महिला की शिनाख्त कराई जा सके।
यह संभावना लगभग न के बराबर मानी जा रही है कि महिला का सिर चार-छह दिन से इंजन में फंसा हुआ था। शक इस बात का ज्यादा है कि महिला की हत्या के एक-दो दिन बाद उसका कटा हुआ सिर मालगाड़ी के इंजन में फंसाया गया है क्योंकि अगर चार-पांच दिन से सिर इंजन में फंसा होता तो यह नामुमकिन है कि किसी की नजर उस पर न पड़ी होती। जीआरपी के मुताबिक महिला का धड़ मिलने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल जीआरपी ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।