Bareilly News: संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य का बीपी बढ़ा तो छात्रों को बेरहमी से पीटा
श्री टीबरीनाथ सांगवेद संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य पर छात्रों ने पिटाई का आरोप लगाया। पीड़ित छात्रों ने थाने पहुंचकर पुलिस को जख्म भी दिखाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के श्री टीबरीनाथ सांगवेद संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने कई छात्रों को पीट दिया। अभिभावकों के साथ प्रेमनगर थाने पहुंचकर छात्रों ने अपने घाव दिखाए। पुलिस ने प्रधानाचार्य को भी बुला लिया। उन्होंने गलती स्वीकार की और लिखित में माफी मांगते हुए छात्रों का उपचार कराने का वादा किया।
टीबरीनाथ मंदिर परिसर में चल रहे महाविद्यालय में रविवार सुबह यह घटनाक्रम हुआ। प्रधानाचार्य बंशीधर पांडेय सुबह हाईस्कूल और उससे निचली कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाने पहुंचे। उन्हें एक विशेष संस्कार से संबंधित पाठ पढ़ाना था। प्रधानाचार्य ने जब छात्रों से संबंधित किताब मांगी तो कई छात्रों के पास वह नहीं मिली। कुछ छात्रों के पास किताब फटी मिली। संबंधित पेज गायब मिला।
इससे नाराज प्रधानाचार्य ने 25 छात्रों को कतार में खड़ा कर ठोस प्लास्टिक के डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बताते हैं कि कुछ छात्र एक-एक डंडा लगने के बाद आगे बढ़ गए, पर एक छात्र डंडा लगने से पहले ही भाग निकला। प्रधानाचार्य ने उसका पीछा भी किया, पर वह हाथ नहीं आया। इससे प्रधानाचार्य का ब्लड प्रेशर (बीपी) बढ़ गया। गुस्से में उन्होंने अन्य छात्रों की जमकर पिटाई लगा दी।
प्रधानाचार्य ने मानी गलती, लिखित समझौता हुआ
छात्रों ने परिजनों को फोन पर सूचना दी तो वे भी विद्यालय आ गए। दोपहर में सभी प्रेमनगर थाने पहुंचे और प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी। थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने प्रधानाचार्य को बुलवाया तो उन्होंने गलती मान ली और लिखित में समझौता हो गया।
प्रधानाचार्य बंशीधर पांडेय ने बताया कि एक छात्र की हरकत से मुझे गुस्सा आ गया था। शायद बीपी बढ़ जाने की वजह से छात्रों को पीट दिया। अभिभावकों और छात्रों की सहमति से समझौता हो गया है। जो छात्र घायल हैं, उनका उपचार कराया जाएगा।
थाना प्रेमनगर के इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्य का बीपी बढ़ने से यह घटना हुई। उन्होंने इसे स्वीकार किया तो अभिभावकों ने भी शिकायत वापस ले ली। अब कोई विवाद नहीं है।