शाहजहांपुर: आग से झुलसी साध्वी कोयल गिरि ने 12वें दिन तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तिलहर (शाहजहांपुर) के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी साध्वी कोयल 23 नवंबर को आग से झुलस गई थीं। उनकी मां रामलली की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि तिलहर के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी व्यापारी पंकज गुप्ता और उनके भाइयों सुशील बाबू गुप्ता, अनिल गुप्ता व मोहल्ला दातागंज निवासी अनुराग गुप्ता ने घर के पास गली में केरोसिन डालकर कोयल गिरि को आग लगाई। वहीं इस मामले में एक वीडियो वायरल होने से एक अलग कहानी यह चल रही है कि साध्वी ने खुद आग लगाई।
गंभीर हालत में साध्वी को बरेली के ईशान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन पहले उनकी डायलिसिस कराई गई थी, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी रही। मंगलवार दोपहर 12:20 बजे उनकी मौत हो गई। डीएम के आदेश पर रात में ही पोस्टमार्टम कराकर शव को तिलहर ले जाया गया। बुधवार सुबह 11 बजे मंडी समिति के सामने अंत्येष्टि होगी।
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
पहले से इस मामले में खींचतान और अब बुलंदशहर की घटना को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने कई थानों की पुलिस, एक सेक्शन पीएसी और दो मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। रात भर कड़ा सुरक्षा प्रबंध रखने की योजना बनाई गई। सीओ मंगल सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस ने नगर के मुख्य मार्ग पर रूट मार्च किया। बुधवार को भी कोई दिक्कत न आए, इसके भी इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अब तक की विवेचना में किसी ठोस नतीजे पर न पहुंचने की बात कह रही है, वहीं विवेचना पर सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस कह रही है कि अभी जानलेवा हमले से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। गुप्ता भाइयों के अलावा पुलिस अभी एक अन्य अभियुक्त दौलत गिरि को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। दौलत गिरि पर आरोप है कि वह साध्वी को मोबाइल पर कॉल करके आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बदनाम करने की धमकी देता था। साध्वी के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस घटना में नामजद आरोपियों से मिल गई है और गिरफ्तार नहीं कर रही है।