क्रिकेट टूर्नामेंट: बरेली में सेक्रेड हार्ट्स ने मानस स्थली की टीम को हराया, एसआर ने डीपीएस को दी मात
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सेक्रेड हार्ट्स, दूसरे में एसआर की टीम ने जीत दर्ज की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन सिक्स में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एसआर इंटरनेशनल ने जीत हासिल की।
पहले मैच में सेक्रेड हार्ट्स के कप्तान अभिनव ने टॉस जीतकर मानस स्थली को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहली ही गेंद पर सारांश ने मानस स्थली के कप्तान सत्यांश को क्लीन बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। इसके बाद मानस स्थली की बल्लेबाजी ताश के पत्तों के महल की तरह बिखर गई। पूरी टीम 14.5 ओवर में 43 रन ही बना सकी।
टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। सेक्रेड हार्ट्स की टीम ने 7.2 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सेक्रेड हार्ट्स के गेंदबाज आरुष गुप्ता ने 3.5 ओवरों में पांच रन देकर चार विकेट हासिल किए। इस उपलब्धि के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
शुभ गंगवार ने खेली कप्तानी पारी
दूसरे मुकाबले में एसआर इंटरनेशनल के कप्तान शुभ गंगवार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुभ गंगवार ने दो छक्कों और नौ चौकों की मदद से 53 गेंदो पर नाबाद 79 रनों की कप्तानी पारी खेली। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 145 रनों का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस की टीम ने भी तेजी से खेलना शुरू किया और 10 ओवरों में चार विकेट खोकर 80 रन बना लिए। इसके बाद नियमित अंतराल पर टीम के विकेट गिरते चले गए। डीपीएस के अन्य छह बल्लेबाज अगले पांच ओवर में पवेलियन लौट गए और पूरी टीम 15 ओवर में 104 रन ही बना सकी। एसआर के कप्तान शुभ गंगवार ने तीन विकेट हासिल किए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।