रुहेलखंड विश्वविद्यालय: कॉलेजों में खाली हैं स्नातक की सीटें, प्रवेश के लिए फिर बढ़ाई गई तारीख
रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर समेत संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए फिर से तिथि बढ़ाई गई है। प्रवेश के दूसरा चरण में 22 जुलाई से पंजीकरण शुरू होंगे।
विस्तार
क्रमवार दो बार प्रवेश प्रक्रिया के तहत तिथि बढ़ाने के बावजूद महाविद्यालयों में अभी सीटें खाली हैं। लिहाजा, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर समेत संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए फिर से तिथि बढ़ाई गई है। प्रवेश के दूसरा चरण में 22 जुलाई से पंजीकरण शुरू होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजीव कुमार की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रथम चरण के प्रवेश प्रक्रिया 20 मई से शुरू है। 30 जून तक पोर्टल पर पंजीकृत विद्यार्थी जो किन्हीं वजहों से प्रवेश नहीं ले सके हैं, उनके लिए महाविद्यालय को 20 जुलाई तक ऑनलाइन मेरिट जारी कर नियमानुसार प्रवेश के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 20 जुलाई तक प्रति छात्र 150 रुपये शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। प्रथम चरण से वंचित छात्रों के 22 जुलाई से शुरू हो रहे दूसरे चरण के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। मेरिट के अनुसार प्रवेश 25 जुलाई तक होंगे।
कुलसचिव ने सभी प्राचार्यों, संकायाध्यक्षों को प्रत्येक दशा में प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि सत्र की शुरुआत निर्धारित समय पर हो सके और विद्यार्थियों का कोर्स पूरा हो सके। भविष्य में तिथि विस्तारित की जाएगी या नहीं, इसका निर्णय कुलपति स्तर से होगा।
18 जुलाई से होंगे एमएससी बायोटेक समसेमेस्टर परीक्षा के आवेदन
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित एमएससी बायोटेक्नोलॉजी के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 जुलाई से होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई ऑनलाइन फार्म और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि है। आवेदन पत्र महाविद्यालय में जमा करने और ऑनलाइन अप्रूव करने की अंतिम तिथि 26 जुलाई तय है।
डुअल डिग्री कोर्स की प्रवेश परीक्षा के आवेदन की तिथि बढ़ी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सत्र 2025-26 की एमटेक पीएचडी इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री कोर्स की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व में तिथि 15 जुलाई तय थी जिसे 30 जुलाई तक बढ़ाया गया है। साथ ही, प्रवेश परीक्षा के लिए 10 अगस्त की तिथि प्रस्तावित है। कुलसचिव संजीव कुमार ने बताया कि निर्धारित तिथि तक आवेदन किए जा सकेंगे।
24, 25 जुलाई को होगी बीएएसी कृषि ऑनर्स की काउंसलिंग
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बुधवार को बीएएसी कृषि ऑनर्स में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया दो दिनों में होगी। संकायाध्यक्ष से जारी सूचना के अनुसार 24 जुलाई को ओपन श्रेणी में 1 से 200 रैंक तक की काउंसलिंग सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
सुबह 9:30 बजे से दिव्यांगता श्रेणी और ईडब्लयूएस के काउंसलिंग होंगे। 25 को सुबह 10:30 बजे से ओपन श्रेणी में 201 से 400 रैंक तक की काउंसलिंग होगी। सुबह 9:30 बजे से अनुसूचित जाति, जनजाति की काउंसलिंग शुरू होगी। काउंसलिंग माइक्रोबायोलॉजी के सेमिनार हॉल में होगी।