बरेली रिंग रोड: चकबंदी की बाधा दूर... रहपुरा जागीर गांव के भू-स्वामियों को जल्द दिया जाएगा मुआवजा
बरेली रिंग रोड के लिए तीन गांवों की जमीन के अधिग्रहण और उससे संबंधित भू-स्वामियों के लिए मुआवजे की राह आसान हो गई है। भू-स्वामियों को जल्द मुआवजा मिल सकता है।
विस्तार
बरेली में चकबंदी की बाधा दूर होते ही रिंग रोड के लिए तीन गांवों की जमीन के अधिग्रहण और उससे संबंधित भू-स्वामियों के लिए मुआवजे की राह आसान हो गई है। रहपुरा जागीर, मवई ठकुरान और रोधी मुस्तकिल के रकबे की जमीन के बदले भू-स्वामियों को मुआवजा मिलना तय हो गया है। इसके लिए 3-डी अधिसूचना जारी हो गई। अब जल्दी 3-जी में प्रतिकर का निर्धारण होगा। इसके बाद मुआवजा भू-स्वामियों के खाते में पहुंचेगा।
शहर में झुमका तिराहे से इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी बड़ा बाइपास तक करीब 30 किलोमीटर लंबा रिंग रोड एनएचएआई को बनाना है। कुल 32 गांवों की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और 29 गांवों के लिए पहले ही अधिसूचना हो चुकी है। रहपुरा जागीर, मवई ठकुरान और रोधी मुस्तकिल में चकबंदी की प्रक्रिया में अड़़चन थी। 3-डी की अधिसूचना भी नहीं हो पाई थी।
एसएलएओ और एनएचएआई के अधिकारियों ने अड़चनों को दूर कराया और मुआवजे की राह आसान की। एनएचएआई के डीजीएम पंकज यादव ने बताया कि रिंग रोड के लिए मुआवजा वितरण की प्रक्रिया अब तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। यदि यही रफ्तार रही तो अक्तूबर तक निर्माण शुरू हो जाएगा।
रामगंगानगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में महंगे होंगे भूखंड
रामगंगानगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में भूखंड अब महंगे मिलेंगे। रामगंगानगर में दस फीसदी और ग्रेटर बरेली में सात से आठ फीसदी दाम बढ़ने के आसार हैं। दोनों के लिए बीडीए का आकलन अंतिम दौर में है। नई रेट लिस्ट दो दिन के भीतर सामने होंगी।
बीडीए की रामगंगानगर आवासीय योजना में अधिकतर भूखंड आवंटित हो चुके हैं, लेकिन विभिन्न सेक्टरों में 150 भूखंड बचे हुए हैं। इन्हें नई दरों पर आवंटित करने की तैयारी है, जबकि ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में सात हजार भूखंड हैं। कितने दाम बढ़ाए जाने हैं। इसका आकलन कई दिनों से हो रहा है।
फिलहाल रामगंगानगर में सामान्य आवासीय भूखंड 33,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर और गेट बंद कॉलोनी में 36000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर है। रामगंगानगर में दस फीसदी दाम बढ़ने की घोषणा होने वाली है।
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में सामान्य आवासीय भूखंड 32,500 रुपये और गेट बंद कॉलीनी में 35,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट लागू है। बीडीए हर साल पहली अप्रैल से दस फीसदी दाम बढ़ाता रहा है। इस साल के लिए नई दरें अभी घोषित नहीं की गईं है। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि दो दिन में नई दरें घोषित कर दी जाएंगी।