बरेली: डीजे पर नीचने को लेकर हुआ विवाद, रिश्तेदार ने हलवाई पर उड़ेला खौलता तेल, गंभीर रूप से झुलसा
गांव सियाठेरी में सोमवार रात डीजे पर नाचने को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान एक रिश्तेदार ने कढ़ाई में खौलता तेल हलवाई पर उड़ेल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के सियाठेरी गांव में सोमवार रात डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। रिश्तेदारों के झगड़े के दौरान एक व्यक्ति ने कढ़ाई में खौलता तेल हलवाई वीरपाल (35 वर्ष) पर उड़ेल दिया। पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना गांव निवासी तोताराम के बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में हुई। कार्यक्रम में हलवाई वीरपाल पूड़ियां तलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर रिश्तेदारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि झगड़ते हुए लोग कढ़ाई के पास पहुंच गए।
पुलिस जांच में जुटी
आरोप है कि एक रिश्तेदार ने खौलते तेल की कढ़ाई उठाकर वीरपाल पर डाल दी। इससे वीरपाल बुरी तरह झुलस गए। घटना सोमवार रात करीब दस बजे की बताई जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा लिखा जाएगा और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीरपाल के भाई नोनीराम ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीरपाल हलवाई का काम करते हैं। वह शादी-पार्टियों में खाना बनाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वीरपाल के तीन छोटे बच्चे हैं। नोनीराम के अनुसार, झलसा कार्यक्रम में छोचक लेकर आए रिश्तेदार आपस में झगड़ रहे थे। इसी दौरान उनके भाई पर खौलता तेल डाल दिया गया।