Bareilly weather: बरेली में बारिश का सिलसिला जारी, जानें अगले दो दिन के मौसम का हाल
बरेली समेत पूरे रुहेलखंड क्षेत्र में मौसम मेहरबान है। बीते तीन दिन से बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज बारिश को संभावना जताई है।
विस्तार
बरेली में बारिश का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार की सुबह रिमझिम फुहार के साथ हुई। इससे पहले बुधवार को दिन में करीब एक घंटे तक 10 मिमी बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम विभाग ने बरेली समेत तराई क्षेत्रों में आगामी दिनों में भारी वर्षा का अनुमान जताया है।
बुधवार की सुबह धूप और हल्के बादलों के साथ हुई। दोपहर करीब दो बजे बारिश शुरू हुई और करीब घंटे भर तक जारी रही। तेज बारिश से उमस से राहत मिली। अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को भी उमस से राहत रही। न्यूनतम पारा 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रातभर बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार तड़के फुहार गिरने लगी। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि सक्रिय मानसून परिस्थिति से 48 घंटों में पहाड़ों से सटे मैदानी इलाकों में रिमझिम होगी। अनुकूल माहौल बनने पर भारी बारिश का भी अनुमान है। हल्की धूप भी निकलेगी।
घंटे भर की बारिश में जलभराव
शहर में जल निकासी से निपटने के दावों की पोल बुधवार दोपहर हुई घंटेभर की बारिश में ही खुल गई। बारिश के बाद हजियापुर, संजयनगर, दुर्गानगर, सुभाषनगर पुलिया और मढ़ीनाथ के निचले हिस्सों में जलभराव रहा।
सुभाषनगर पुलिया पर भरे पानी में असंतुलित होकर गिरने की वजह से कई वाहन सवार चोटिल भी हुए। स्मार्ट सिटी की सड़कों पर जल निकासी का सिस्टम ठीक न होने की वजह से श्यामगंज चौराहे से विकास भवन और सेटेलाइट की ओर वाले मार्ग पर जल भराव के साथ कीचड़ हो गया। यहां पैदल चलना भी दुश्वार रहा।
लोगों का कहना था कि समय से नालों की सफाई कराने का दावा सही नहीं निकला। नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं।