सारे सवाल रह गए, कुछ नहीं बोले आजम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीरगंज से बसपा विधायक सुल्तान बेग की भतीजी जैनब का रिश्ता सपा नेता सरफराज वली खां के बेटे सैफ से तय हुआ है। सोमवार को शहर के सूफी टोला स्थित एक बारात घर में दोनों का सगाई समारोह था। कैबिनेट मंत्री आजम खां के आने की चर्चा से शाम छह बजे से मीडिया कर्मियों का जमावड़ा लग गया। शाम करीब सात बजे अपने काफिले के साथ जैसे ही आजम खां सफेद रंग की कार से उतरे तो मीडिया कर्मियों ने उनको घेर लिया। वह बिना बात किए अंदर हॉल में चले गए। यहां सपा नेता सरफराज वली खां और बसपा विधायक सुल्तान बेग समेत बाकी लोगों ने गुलदस्ता भेंटकर उनका जोरदार स्वागत किया। बाद में मंच पर उनको शाल ओढ़ाकर भी सम्मानित किया गया। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों ने मंच के नजदीक भी आजम खां से बात करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने निजी कार्यक्रम बताकर मीडिया कोई भी बात करने से साफ इनकार कर दिया। ज्यादा कुरेदने पर बोले-क्या आप चाहते हैं कि मैं यहां से चला जाऊं। पत्रकारों के मन में टैक्स की बढ़ी दरें कम करने, नगर निगम के बजट में कटौती, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी न मिलने, देश छोड़कर चले जाने संबंधी उनके बयान समेत तमाम सवालों के जवाब बाकी रहे गए। मेयर डा. आईएस तोमर, नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह, एक्सईएन गयूर अहमद, जलकल एई आरबी राजपूत समेत नगर निगम के कर्मचारी भी समारोह में मंत्री के साथ रहे।
टैक्स की बढ़ी दरों का मामला रखा
मेयर डा. आईएस तोमर ने नगर विकास मंत्री आजम खां के समक्ष टैक्स की बढ़ी दरें कम करने का मामला रखा। शहर में सड़क और नाली निर्माण के लिए मेयर ने ज्यादा बजट की मांग की। दोनों मामलों पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गंदगी और सीवर समस्या पर सख्त हुए मंत्री
आजम खां के आने की खबर सुनते ही सूफी टोला में चुन्ने हलवाई के सामने वाली गली में रहने वाली शबाना, अरसी, शाहिदा बी और गुलशन आदि महिलाएं गली में गंदगी और सीवर जाम समस्या को लेकर मंत्री से मिलने पहुंच गईं। सुरक्षा गार्डों ने उनको भीड़ में पहले ही रोक दिया। इससे महिलाएं उखड़कर जोर-जोर से बोलने लगीं। समारोह में खलल पड़ता देख एक बार तो मंत्री जी महिलाओं को सलीके से बात करने की नसीहत देते नजर आए। किसी तरह एक महिला मंत्री के नजदीक पहुंच गई। उसने मंत्री को बताया कि दो साल से उनकी गली में गंदगी और सीवर जाम है। वह कई बार ज्ञापन दे चुकी हैं। फिर भी सुनवाई नहीं हुई। इस पर आजम खां ने नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव को तुरंत तलब कर लिया। मेयर भी वहीं मौजूद थे। सारा अमला हरकत में आ गया। एक्सईएन सतीश कुमार ने महिलाओं को अलग से बुलाकर नया सीवर डालने के लिए गली का तुरंत सर्वे कराने का आश्वासन देकर समझाया। महिलाएं आजम खां के जाने तक वहीं मौजूद रहीं। जाने से पहले कार के पास खड़े होकर मंत्री के साथ फोटो खिंचवाकर ही वहां से वापस हुईं।