Bareilly News: खुद को राज बताकर तीमारदार से किया खून का सौदा, निकला अतीक, पुलिस ने भेजा जेल
बरेली में खून के सौदागर सक्रिय हैं। ये अस्पतालों के बाहर जरूरतमंद तीमारदारों से सौदा करते हैं। इसके एवज में मोटी रकम वसलूते हैं। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक शख्स पकड़ा गया, जिसने तीमारदार से 20 हजार रुपये में दो यूनिट खून का इंतजाम करने का सौदा किया था।
विस्तार
बरेली में खून की सौदेबाजी के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने कर्मचारी नगर चौराहे पर पकड़े आरोपी अतीक को रिपोर्ट लिखकर जेल भेज दिया। आरोपी ने अपना नाम राज बताकर एक तीमारदार से दो यूनिट खून दिलाने के लिए 20 हजार रुपये में सौदा किया था। तीमारदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी पकड़ा गया।
आईएमए ब्लड बैंक के बाहर कल्याण यादव नाम का शख्स काफी समय से खून की सौदेबाजी कर रहा था। वह दिहाड़ी मजदूरों और नशेड़ियों के खून का सौदा मरीजों के तीमारदारों से करता था, उसे कोतवाली से जेल भेजा गया था। इसी तरह इज्जतनगर क्षेत्र में पकड़ा गया परतापुर चौधरी निवासी अतीक भी काफी समय से खून की सौदेबाजी में लगा था।
अस्पतालों के पास खड़े रहते हैं सौदेबाज
इज्जतनगर के मिनी बाईपास पर कई निजी अस्पताल हैं। इन अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ आती है। इन अस्पताल के पास ही अतीक और उसके गुर्गे खड़े रहते हैं। इनको जैसे ही जरूरतमंद नजर आता है तो यह लोग उससे सौदेबाजी करने लगते हैं। कर्मचारी नगर के पास अतीक को गिरफ्तार किया गया।
शाही थाने के कल्याणपुर निवासी नंद किशोर ने रिपोर्ट कराई। जिसमें बताया गया कि उनकी पत्नी श्वेता को दो यूनिट खून की जरूरत थी। उसने बीस हजार रुपये में दो यूनिट खून का बंदोबस्त कराने का सौदा तय किया था। उन्होंने उसे कुछ रुपये अपने मोबाइल से ट्रांसफर भी किए थे। अतीक को पकड़ा गया तो वह अपना नाम राज बता रहा था लेकिन पूछताछ में असली नाम अतीक सामने आया। पुलिस ने अतीक को जेल भेज दिया है।