सिपाही भर्ती परीक्षा: चार सॉल्वरों के खिलाफ चार्जशीट तैयार, बरेली में पकड़े गए थे चार आरोपी
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र से एसटीएफ ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर सीओ को भेज दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिपाही भर्ती परीक्षा में पास कराने का ठेका लेने में गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ बरेली के भमोरा थाना पुलिस ने सोमवार को चार्जशीट तैयार कर सीओ को भेज दी। बाकी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य न मिलने की बात कही जा रही है।
पुलिस भर्ती परीक्षा में भमोरा थाना क्षेत्र से एसटीएफ ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए युवकों में अलीगढ़ के खैर थानाक्षेत्र के सजना गांव का पंकज शर्मा, गोमत गांव का शिवम चौधरी, विरोला गांव का रहने वाला सतवीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा बदायूं के इस्लामनगर के परदलपुर गांव का गौरव शर्मा भी पकड़ा गया है। पंकज गैंग का सरगना है।
आरोपियों से ब्लूटूथ समेत कई उपकरण हुए थे बरामद
पूछताछ में पंकज ने पुलिस को बताया कि 10 लाख रुपये में सिपाही भर्ती परीक्षा पास कराने का ठेका लिया था। वह 10 से 25 हजार रुपये बतौर पेशगी लेता था। आरोपियों से नौ ब्लूटूथ उपकरण, सात मोबाइल फोन, छह परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र, कार व अन्य कागजात बरामद हुए थे। सॉल्वर गैंग के पास से पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा के सात प्रवेशपत्र भी बरामद हुए थे। परीक्षा से पहले भी आरोपी उसी कार से तीन-चार बार बरेली आए थे।
माना जा रहा था कि मामले में और लोगों पर कार्रवाई हो सकती है। हालांकि विवेचक सौरभ यादव ने चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंप दी। दरअसल एसटीएफ व पुलिस की आरोपियों से लंबी पूछताछ को इसका आधार बताया जा रहा है।
बेरोजगारों को फंसाते थे जाल में
इसी दौरान संबंधित तथ्यों पर भी जांच कर ली गई। इससे पुलिस को पता लगा कि यही चारों लोग ठगी का धंधा कर बेरोजगारों को फुसला रहे थे। विवेचक ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप साबित होने पर चार्जशीट लगाई गई है। फिलहाल आरोपी 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद हैं। चार्जशीट दाखिल होने से इन्हें जमानत मिलना मुश्किल होगी।