Bareilly News: पुलिस ने लल्ला गद्दी पर कसा शिकंजा, गुंडा एक्ट के बाद अब की गई ये कार्रवाई
बरेली जेल में बंद रहे माफिया अशरफ को सहूलियत दिलाने के आरोपी लल्ला गद्दी पर हाल ही में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी। अब पुलिस ने उसकी हिस्ट्री शीट खोली है। एसएसपी ने लल्ला गद्दी की निगरानी करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।
विस्तार
बरेली में गुंडा एक्ट की कार्रवाई के बाद पुलिस ने लल्ला गद्दी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। उस पर बरेली जेल में बंद रहे माफिया अशरफ को सहूलियतें मुहैया कराने का आरोप है। अब पुलिस लल्ला गद्दी उर्फ मोहम्मद रजा की गतिविधियों की निगरानी करेगी।
चक महमूद निवासी लल्ला गद्दी पर कुछ दिन पहले बारादरी पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई की थी। लल्ला गद्दी और उसके दोस्त सद्दाम (अशरफ के साले) ने प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड से पहले शूटरों की मुलाकात बरेली जेल में बंद माफिया अशरफ से कराने में मदद की थी।
यह भी पढ़ें- बरेली बवाल: मौलाना तौकीर रजा का करीबी लक्की शाह गिरफ्तार, घर-घर जाकर जुटाई थी भीड़
उमेश पाल की हत्या के बाद मामले की जांच हुई तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। इसके बाद जेल अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई थी। जांच में सामने आया था कि लल्ला गद्दी की दोस्ती अशरफ के साले सद्दाम से हो गई थी। लल्ला गद्दी ने सद्दाम के रुपये बरेली की जमीनों में निवेश कराए थे।
हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर जैसे कई मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस ने लल्ला गद्दी और उसके कई साथियों को अशरफ की मदद करने के आरोप में जेल भेजा था। इनमें से अधिकतर आरोपी जेल से रिहा हो चुके हैं। पुलिस ने लल्ला गद्दी पर कुछ दिन पहले ही गुंडा एक्ट लगाया था। उस पर हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर जैसे दस मुकदमे दर्ज हैं।
बारादरी पुलिस ने उसका आपराधिक इतिहास एसएसपी को भेजा था। एसएसपी अनुराग आर्य ने लल्ला गद्दी की हिस्ट्रीशीट खोलकर उसकी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।