पासिंग आउट परेड: बरेली में 1147 रिक्रूट बने सिपाही, एडीजी और एसएसपी ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ; तस्वीरें
बरेली में रविवार को पुलिस लाइन और पीएसी मैदान में पासिंग आउट परेड के बाद 1147 रिक्रूट आरक्षी बने, जिन्हें प्रदेश भर में तैनाती मिली। इनमें 783 महिला आरक्षी पुलिस लाइन से और 364 पुरुष आरक्षी पीएसी से पास आउट हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में रविवार की सुबह नए पुलिसकर्मियों के लिए ऊर्जा के संचार की सुबह थी। पुलिस लाइन में नौ महीने से आरटीसी प्रशिक्षण ले रहीं 783 महिला रंगरूट पासिंग आउट परेड के बाद सिपाही बन गईं। इसी तरह पीएसी आठवीं बटालियन में प्रशिक्षु 364 रंगरूटों को कांस्टेबल का दर्जा मिला। सभी के चेहरे पर मुस्कान थी, उनके परिवारीजन भी इस खुशी में शरीक हुए। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऑनलाइन संबोधन सभी को सुनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी नए सिपाहियों को निष्ठा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
आरआई हरमीत सिंह ने बताया कि बरेली पुलिस लाइन को 800 महिला रिक्रूट का आवंटन हुआ था। इनमें से 796 ने आमद दर्ज कराई। इनमें से कुछ दूसरे विभागों में चयनित हो गईं और कुछ ने निजी कारणों से प्रशिक्षण छोड़ दिया। कुल 783 नई सिपाहियों को तैनाती मिली। इनमें से 292 की तैनाती बरेली जिले के थानों में ही होगी। बरेली में कुल 1386 नए सिपाहियों की तैनाती होगी, इस लिहाज से जिले के हर थाने में करीब 48 नए सिपाही बढ़ जाएंगे।
पुलिस लाइन में परेड के बाद खुशी का ज्वार देखने को मिला। अधिकांश महिला पुलिसकर्मी अपने परिजनों के साथ आई थीं। अधिकांश गरीब या मध्यमवर्गीय परिवारों से थीं। इन्होंने अपनी पगड़ी माता या पिता के सिर पर रखकर, सेल्फी लेकर और पगड़ी हवा में उछालकर सरकारी सेवा में आने की खुशी जताई।
पीएसी में 364 नए पुलिसकर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र
पीएसी आठवीं बटालियन में पुलिस मुख्यालय से आए आईजी मोदक राजेश डी राव ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कमांडेंट आकाश तोमर के साथ परेड का निरीक्षण किया। यहां 400 पुरुष रंगरूट प्रशिक्षण के लिए चयनित किए गए थे। इनमें से 394 ने यहां आमद दर्ज कराई। कुछ अनुत्तीर्ण और कुछ गैरहाजिर हो गए। कुल 364 रंगरूटों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया और यूपी पुलिस के सिपाही बने। सभी को प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनाती के पत्र सौंपे गए हैं।