Goods Train Derailed: बरेली जंक्शन पर अचानक हुई तेज आवाज और मच गई भगदड़, यात्रियों में दिखी दहशत
बरेली जंक्शन पर शनिवार रात मालगाड़ी अचानक गलत ट्रैक पर आ गई, जिससे दो डिब्बे पटरी से उतर गए। तेज आवाज हुई तो स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। यात्री इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्री परेशान हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जंक्शन पर शनिवार रात जिस समय मालगाड़ी डिरेल हुई, उस समय प्लेटफॉर्म नंबर दो खाली था। प्लेटफॉर्म पर कोई ट्रेन खड़ी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों ने बताया कि अचानक तेज आवाज हुई और स्टेशन पर भगदड़ मच गई। बाद में पता चला है कि मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे हैं। हादसे के बाद लखनऊ की ओर से आने वाली यात्री ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अचानक बदलने पड़े। यात्री परेशान हुए। सूचना पर डीआरएम भी रात में ही मौके पर पहुंच गए। रोजा (शाहजहांपुर) से दुर्घटना राहत ट्रेन को बुलाया गया।
घटना के बाद सात ट्रेनों को प्लेटफॉर्म दो के स्थान पर तीन पर ठहराव दिया गया। दोनों ट्रेनों के इंतजार में यात्री पहले से प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़े थे। ट्रेनों को जब अचानक तीन नंबर पर भेजा गया तो यात्रियों को माजरा समझ नहीं आया। ट्रेन छूटने की आशंका में वह जल्दबाजी में दौड़कर किसी तरह प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचे और अपनी ट्रेन पकड़ी। जंक्शन पर करीब दो घंटे तक यही स्थिति रही।
डीआरएम आरके सिंह ने एडीईएन आयुष चत़ुर्वेदी समेत अधिकारियों के साथ यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता लाइन क्लियर करना है। पहले मालगाड़ी को उठाएंगे। उसके बाद तय किया जाएगा कि किस वजह से हादसा हुआ या फिर किसकी लापरवाही रही।
सात मीटर पटरी हुई क्रेक, प्वाइंट भी क्षतिग्रस्त
यार्ड में जिस प्वाइंट से मालगाड़ी को तय प्लेटफॉर्म पर जाना था, वहां करीब सात मीटर पटरी क्रेक हो गई है। मालगाड़ी के गार्ड का डिब्बा पटरी में रगड़ करते हुए आगे बढ़ा है। पटरी करीब 200 मीटर क्षतिग्रस्त हुई है। इसमें सात मीटर पटरी को उखाड़ने का काम शनिवार रात ही शुरू हो गया। रविवार शाम तक काम पूरा होने की उम्मीद है।
UP: बरेली जंक्शन पर गलत ट्रैक पर गई मालगाड़ी, पटरी से उतरे डिब्बे, टला बड़ा हादसा, 15 ट्रेनें हुई प्रभावित
रोकी गई बिजली आपूर्ति, कई ट्रेनें प्रभावित
प्लेटफॉर्म नंबर दो बाधित होने के कारण रात एक बजे तक 12231 लखनऊ-चंड़ीगढ़ सुपरफास्ट, 12429 नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट, 12229 लखनऊ मेल, 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 14511 नौचंदी एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत आठ ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलने पड़े। एक बजे के बाद 20 मिनट के लिए ओएचई लाइन को बंद करना पड़ा। इससे रात की अन्य ट्रेनों को भी रास्ते में रोकना पड़ा। करीब 15 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
20 मिनट देरी से शुरू हुआ काम
रेलवे की पुरानी प्रथा ने काम को बाधित किया। मैनुअल रूप से लिखित मेमो पहुंचने में देरी के कारण डिरेल मालगाड़ी को फिर से पटरी पर लाने का काम भी 20 मिनट देरी से शुरू हो सका। मालगाड़ी लोडेड थी, ऐसे में भारी डिब्बों को पटरी पर लाना चुनौती बन गया। रोजा से आए विशेषज्ञों ने मालगाड़ी को दो हिस्सों में बांटने के बाद काम शुरू किया। मेमो में देरी की बात डीआरएम के सामने भी उठी। इस पर एडीईएन ने डीआरएम को सफाई भी दी।
अचानक हुई तेज आवाज और मच गई भगदड़
यात्री अजय सागर ने बताया कि हम प्लेटफॉर्म संख्या दो पर अपनी ट्रेन के इंतजार में खड़े थे। अचानक बहुत तेज खड़खड़ की आवाज आई और भगदड़ मच गई। आर्यन ने कहा कि दिल्ली जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़े थे। उस वक्त यात्री कम ही थे। अचानक बेतरतीब तरीके से मालगाड़ी आने से हम घबरा गए।
सुहेल ने कहा कि जब ये हादसा हुआ, हम लोग डर गए। कुछ लोग प्लेटफॉर्म के बिल्कुल मुहाने पर खड़े थे, घबराहट में वे दूसरी ओर भाग खड़े हुए। नदीम ने कहा कि मालगाड़ी आई तो आवाज से लगा कि कुछ टूट सा रहा है। गनीमत रही कि प्लेटफॉर्म पर पहले से यात्री ट्रेन नहीं खड़ी थी, वरना बड़ा हादसा होता।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.