तो कृष्णा की बच सकती थी जान: लड़के ने मां की बात नहीं मानी... कहा था- दोबारा फॉर्म भर देना, पर उसने न सुनी एक
बृहस्पतिवार को कृष्णा का परीक्षा परिणाम आया था। कॉलेज में छात्र-छात्राओं को बुलाकर लाइन लगवाकर रिजल्ट दिखाने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन कृष्णा यह देखकर और हताश हो गया।
विस्तार
बीएससी नर्सिंग के छात्र कृष्णा गुप्ता ने फंदे पर लटकने से पहले अपनी मां गौरी गुप्ता को कॉल कर फेल होने की सूचना दी थी। उन्होंने समझाते हुए फिर से फार्म भरकर परीक्षा देने के लिए रुपये भेजने की बात कही थी। परिवार के लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि कृष्णा आत्महत्या कर लेगा।
सूचना पर परिवार वाले दहाड़े मारकर रो पड़े। पिता विनीत गुप्ता की कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। उनका दूसरे नंबर का बेटा कृष्णा पढ़ाई के साथ निजी नर्सिंग होम में काम भी करता था। उनका बड़ा बेटा नितिन गुप्ता भी बीएससी नर्सिंग के बाद जेएनएम कर चुका है। बृहस्पतिवार को कृष्णा का परीक्षा परिणाम आया था। कॉलेज में छात्र-छात्राओं को बुलाकर लाइन लगवाकर रिजल्ट दिखाने की व्यवस्था की गई थी।
कृष्णा भी अपने साथियों के साथ लाइन में लगकर बातें कर रहा था। उसके बैच के एक छात्र ने टॉप किया, जबकि वह खुद एक विषय में फेल हो गया। फेल होने के बाद हताश और निराश कृष्णा चुपचाप वहां से निकल आया। उसने अपने साथियों को भी कुछ नहीं बताया। कृष्णा के पिता विनीत गुप्ता ने बताया कि बेटे ने अपनी मां के पास कॉल की थी। उसने फेल होने की जानकारी दी थी।
मां गौरी गुप्ता ने परेशान नहीं होने बात कहते हुए सांत्वना दी थी। यह भी कहा था कि वह रुपये भेज देंगी और दोबारा से फार्म भरकर परीक्षा दे देना। परिवार के लोग उसके मन को समझ नहीं सके। बुधवार की शाम को बेटे ने पिता के पास भी कॉल कर रुपये मांगे थे, तब विनीत ने कहा था कि खाने-पीने का सामान ले लो, वह रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर देंगे। वह 15 दिन पहले ही घर से यहां आया था। उसने कहा था कि परीक्षा होने के बाद ही लौटकर आएगा।
यह है मामला
शाहजहांपुर में लखीमपुर खीरी जिले के बिजुआ कस्बा निवासी बीएससी नर्सिंग के छात्र ने फेल होने पर व्हाट्सएप स्टेटस पर ‘एंड’ लिखने के बाद फंदे से लटक गया। स्टेटस देख जब तक साथी उसके कमरे पर पहुंचे तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है। लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के बिजुआ कस्बा निवासी विनीत गुप्ता का पुत्र कृष्णा गुप्ता (20 वर्ष) फ्लोरेंस नाइटिंगल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग कर रहा था। इस बार उसका दूसरा सेमेस्टर था।
वह चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदराखेल स्थित कृष्ण कुमार मिश्रा के आवास में कमरा किराये पर लेकर रहता था। बृहस्पतिवार को सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम आया था। दोपहर में छात्र-छात्राएं रिजल्ट देखने कॉलेज गए थे। उसके बैच के एक साथी ने टॉप किया था, जबकि वह सेमेस्टर में एक विषय में फेल हो गया था। इस वजह से उदास होकर वह बेंच पर आकर बैठ गया। कुछ देर बाद वह अपने कमरे में पहुंचा। यहां उसने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एंड लिखकर इमोजी लगाया। उसके साथी अश्वनी ने स्टेटस सीन देखा।
अनहोनी की आशंका में वह स्नेह व अन्य दोस्तों के साथ उसके कमरे में पहुंच गया। बंद कमरे के दरवाजे के ऊपर लगी खिड़की से झांककर देखा तो कृष्णा पंखे पर रस्सी के सहारे लटक रहा था। दोस्तों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारकर सीपीआर दी। नब्ज नहीं चलती मिलने पर तुरंत ही राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।