Nath Corridor: 232 करोड़ रुपये से शिवमय होगी नाथ नगरी, मंदिरों में 250 लोग एक साथ कर सकेंगे रुद्राभिषेक
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि 32.5 किमी की परिधि में बनने वाले नाथ कॉरिडोर में 12 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसमें केदारनाथ, काशी विश्वनाथ समेत सभी 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे।
विस्तार
बरेली के नाथ कॉरिडोर की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हो गई है। 232.21 करोड़ रुपये से नाथ मंदिरों का सुंदरीकरण कर भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल व बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने मंजूरी के लिए शनिवार को यह प्रस्ताव पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम को भेज दिया है।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के दिए सुझाव को शामिल करते हुए डीपीआर में जरूरी बदलाव कर मंजूरी के लिए भेजा गया है। सातों नाथ मंदिरों के सुंदरीकरण पर 66.6 करोड़ और मार्गों के चौड़ीकरण पर 75.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी प्रारंभिक योजना भी शासन को भेजी जा चुकी है। तपेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर अंडरपास भी प्रस्तावित है। इसकी कार्ययोजना भी भेज दी गई है।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि 32.5 किमी की परिधि में बनने वाले कॉरिडोर में 12 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसमें केदारनाथ, काशी विश्वनाथ समेत सभी 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। मंदिरों में पार्वती और गौरी के नाम पर वाटिकाएं स्थापित की जाएंगी। इसमें सजावटी और सुगंधित फूलों वाले पेड़ लगेंगे।
250 लोग एक साथ कर सकेंगे रुद्राभिषेक
अफसरों का दावा है कि सातों नाथ मंदिरों में मल्टीपरपज हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसमें भंडारा, रुद्राभिषेक और अन्य कर्मकांड की व्यवस्था होगी। इसके अलावा प्रथम तल पर 250 लोग एक साथ सत्संग, रुद्राभिषेक व श्रीशिव महापुराण कथा आदि कर सकेंगे। अलखनाथ मंदिर के साथ ही तुलसी स्थल का भी विकास कराया जाएगा।मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों पर काम शुरू
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में सड़कों को छह लेन करने का काम शुरू कर दिया गया है। सेटेलाइट से इन्वर्टिस तिराहा, डेलापीर आदिनाथ तिराहे से बैरियर टू पुलिस चौकी तक छह लेन सड़क बनाई जा रही है।
मिनी बाईपास से झुमका तिराहा, हरुनगला से बीसलपुर रोड और चौपुला चौराहा से जुए की पुलिया तक फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है। बड़ा बाईपास से अब्दुल्लापुर माफी, एग्जीक्यूटिव क्लब होते हुए वनखंडीनाथ मंदिर के लिए भव्य सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इससे पीलीभीत व बड़ा बाईपास से आने वाले श्रद्धालु सीधे वनखंडीनाथ के दर्शन करने आ सकेंगे।