बरेली प्लाईवुड कर्मी हत्याकांड: पुलिस तलाशती रही, 25 हजार के इनामी हत्यारोपी ने कोर्ट में कर दिया सरेंडर
बरेली में प्लाई फैक्टरी कर्मी संतोष साहू हत्याकांड के मुख्य आरोपी ललित साहू ने बृहस्पतिवार को अदालत में सरेंडर कर दिया। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की टीमें उसे तलाशती रह गईं, लेकिन वह चकमा देकर कोर्ट पहुंच गया।
विस्तार
बरेली में प्लाईवुड फैक्टरी कर्मी संतोष कुमार साहू की हत्या के मुख्य आरोपी ललित साहू ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीमें उसकी तलाश में लगी थीं, लेकिन उसने सभी को चकमा देकर आत्मसमर्पण कर दिया।
घटना गत 23 अक्तूबर की रात करीब दस बजे सीबीगंज के गांव मथुरापुर में हुई थी। गांव निवासी संतोष कुमार साहू (37) परसाखेड़ा स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में नौकरी करते थे। वह दावत से लौटते समय दुर्गामाता मंदिर के पास पहुंचे थे। तभी ललित कुमार उर्फ लाला ने अपने सहयोगियों के साथ उन पर तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली संतोष के सिर में आंख के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। घायल संतोष को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चार दिन के उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मुकदमा वापस लेने का बना रहे थे दबाव
पुलिस के मुताबिक, मृतक संतोष की पत्नी जावित्री ने एक वर्ष पूर्व ललित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। ललित उस मुकदमे को वापस लेने के लिए संतोष पर दबाव बना रहा था। संतोष के मना करने पर रंजिश के चलते उसे गोली मारी गई थी। पुलिस ने जावित्री की तहरीर पर ललित समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे बाद में हत्या की धारा में बदल दिया गया।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
एसएसपी ने मुख्य आरोपी ललित साहू की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसओजी और सीबीगंज थाना पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। इसके बावजूद ललित ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मृतक की पत्नी जावित्री ने भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी से शिकायत की थी और थाने पर हंगामा किया था।