Bareilly News: लापता महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, चेहरा कुचला देख परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बरेली के मीरगंज क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। उसका चेहरा कुचला हुआ था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। वहीं पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के मीरगंज क्षेत्र में बाजार गई महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। चेहरा कुचला होने की बात कहकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
फतेहगंज पश्चिमी के गांव सतुइया खास निवासी करन सागर की पत्नी मुन्नी देवी (26) बृहस्पतिवार दोपहर बाद कस्बा में लगने वाली साप्ताहिक बाजार गईं थीं। करन तब खेत पर गेहूं काट रहे थे। वह शाम तक नहीं लौटीं तब परिजनों ने रात नौ बजे तक उसकी तलाश की। फिर थाने जाकर तहरीर दी।
पुलिस ने सुबह फोटो देने के बाद गुमशुदगी दर्ज करने की बात कहकर घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह मीरगंज थाना पुलिस ने भाखड़ा नदी पुल के पास रेलवे ट्रैक पर मुन्नी देवी का शव मिलने की सूचना दी। चेहरा कुचला होने की वजह से परिजनों ने शव की कपड़ों से शिनाख्त की। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। परिजन किसी से कोई रंजिश नहीं बता रहे हैं।
परिजन बोले- पहचान मिटाने को चेहरे पर किया वार
परिजनों के मुताबिक मुन्नी देवी गांव से ई-रिक्शा पर बैठकर गईं थीं। ग्रामीणों ने उन्हें जाते हुए देखा भी था। मोबाइल घर छूट गया था। फिर वह गांव से करीब आठ किमी दूर रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचीं, यह जांच का विषय है। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने पर भी मुन्नी के शरीर का कोई अंग नहीं कटा था।
सिर और चेहरे पर गहरी चोट पहुंचाकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया था। थाना प्रभारी मीरगंज बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मामला ट्रेन से कटकर आत्महत्या का लग रहा है। इंजन की टक्कर से शव की हालत बिगड़ी होगी। बाकी स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ हो सकेगी।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि महिला ट्रेन से कटी होगी। हत्या जैसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। परिवार इस तरह की तहरीर देगा तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों से जांच करा ली जाएगी।
आठ महिलाओं की जा चुकी है जान
करीब चार महीने पहले तक फतेहगंज पश्चिमी के आसपास का इलाका महिलाओं की हत्या के लिए खासा चर्चित था। शाही और शीशगढ़ थाने के गांवों में आठ महिलाओं के शव मिले थे। गांव कुल्छा गौंटिया, प्रेमपुर, खजुरिया, मुबारकपुर, सेवा ज्वालापुर, आनंदपुर और शीशगढ़ में मिले इन शवों में से अधिकांश के गले उन्हीं के कपड़ों से कसे मिले थे। हत्या करने वाले गिरोह या सटीक अपराधी को पकड़ने में पुलिस नाकाम साबित हुई थी।