UP: 'तेरी वजह से मेरी बहन मरी...', सुनकर बौखलाया भांजा, मां की मौत के बाद मामा का किया कत्ल
Bareilly News: बरेली के देवरनियां थाना क्षेत्र में शनिवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। एक युवक ने मां की मौत के बाद अपने मामा की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग गया था। देर रात पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के देवरनियां क्षेत्र में बहन की मौत के बाद उसके शव को देखने जा रहे ग्रामीण की अपने भांजे से कहासुनी बहस हो गई। मामा ने गुस्से में आकर भांजे को डंडा मार दिया। इससे बौखलाए भांजे ने हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर मामा की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भांजा भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। देर रात आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मृतक और उसकी बहन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
देवरनियां थाने के मोहल्ला शाहाबाद निवासी कड़े राम ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन और बहनोई पीलीभीत से आकर करीब ढाई माह से उनके यहां रहने लगे। भांजे सोमपाल ने शराब के नशे में धुत होकर 26 अक्तूबर को अपनी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। जिसे बुझाने के लिए उनकी बहन सुशीला देवी गई तो वह बुरी तरह झुलस गई थी। इलाज के लिए उसे बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- UP: सीने पर बैठकर देवर ने पकड़े हाथ...पति ने हंसिये से काट डाला 'प्यार' का गला; नए जमाने की बहू को इसलिए मारा
रास्ते में भांजे से हुआ था विवाद
उसके शव को उस प्लॉट में लाकर रख दिया गया जो कुछ दिन पहले बहन ने ही खरीदा था। मृतका के भाई कड़े राम और मोतीराम अपनी बहन के शव को देखने के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनका भांजा सोमपाल मिल गया। मोतीराम ने उसे डांटते हुए कहा कि उसी की वजह से उनकी बहन की मौत हो गई। उन्होंने गुस्से में आकर उसके सिर पर एक डंडा मार दिया। उस वक्त सोमपाल के हाथ में हंसिया था। गुस्से में आकर उसने मामा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे मोतीराम की मौके पर ही मौत हो गई।
मोतीराम की हत्या कर भांजा सोमपाल वहां से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुशीला देवी और मोतीराम दोनों बहन-भाई के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भिजवाया। कड़े राम की तहरीर पर आरोपी सोमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने देर रात आरोपी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेजा गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।