जमीन के पट्टे होंगे निरस्त: चकबंदी विभाग के नोटिस ने उड़ाई 553 किसानों की नींद, कैबिनेट मंत्री से लगाई गुहार
पट्टे निरस्त करने का नोटिस मिलने के बाद से बसंतपुर गांव के किसान बेचैन हैं। शनिवार को गांव के कई लोग कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूरा मामला मंत्री के सामने रखा।
विस्तार
बरेली जिले के बसंतपुर गांव में 553 किसानों को आवंटित किए गए पट्टे निरस्त किए जाएंगे। चकबंदी विभाग की ओर से किसानों को इस संबंध में नोटिस दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सरकारी जमीन की श्रेणी बदलकर गलत तरीके से पट्टे आवंटित किए गए हैं।
आंवला तहसील क्षेत्र का गांव बसंतपुर रामगंगा के खादर में बसा हुआ है। गांव के कई किसानों को लंबे समय से सरकार की तरफ से पट्टे पर भूमि आवंटित की जाती रही है। ग्रामीण बताते हैं कि 1980 से 2010 तक किसानों को यह जमीन पट्टे पर दी गई। इस पर वह लोग खेती कर रहे हैं।
अब जिला चकबंदी अधिकारी द्वितीय की ओर से पट्टे की भूमि का आवंटन गलत बताकर 553 किसानों को नोटिस भेजकर पट्टा निरस्त करने की बात कही गई है। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीण परेशान हैं। दरअसल जो जमीन आवंटित की गई है नियमानुसार उस पर पट्टा नहीं हो सकता। यह जमीन श्रेणी छह के तहत आती है।
किसानों को पट्टे आवंटित करते समय इसे नवीन परती भूमि दर्शाया गया। किसानों का कहना है कि इस जमीन पर वह वर्षों से खेती कर रहे हैं। पूर्व प्रधान राम बहादुर पाल ने बताया कि करीब 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। उन्होंने बताया कि पट्टा जारी करते समय अधिकारियों ने लापरवाही बरती।
कैबिनेट मंत्री से मिले किसान
पट्टे निरस्त करने का नोटिस मिलने के बाद से बसंतपुर गांव के किसान बेचैन है। शनिवार को गांव के कई लोग कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूरा मामला मंत्री के सामने रखा। इस पर मंत्री ने अधिकारियों से मोबाइल फोन पर बात करके मामले में फिर से जांच कराने के लिए कहा।