Sports News: बरेली में खलीफा क्रिकेट अकादमी ने जीती सीरीज, गोरखपुर की टीम को 3-0 से हराया
बरेली में तीन दिवसीय क्रिकेट सीरीज का फाइनल मुकाबला जीत कर खलीफा क्रिकेट अकादमी की टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने एनएस क्रिकेट अकादमी गोरखपुर को हराया।
विस्तार
बरेली में तीन दिवसीय क्रिकेट सीरीज के फाइनल मुकाबले में बुधवार को खलीफा क्रिकेट अकादमी बरेली ने एनएस क्रिकेट अकादमी गोरखपुर को 3-0 से हराकर सीरीज अपने नाम की। खलीफा क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 रन बनाए । इसमें मोहम्मद कामरान ने 104 गेंदों पर 15 चौकों व दो छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन, अरशद निजामी ने 52, कप्तान अफजल ने 35 रनों की पारी खेली। एनएस अकादमी गोरखपुर की ओर से अमृत राज व आरव ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी एनएस अकादमी गोरखपुर की टीम 169 रनों पर ढेर हो गई। खलीफा अकादमी की ओर से अबु बकर, आयुष ने तीन-तीन व मुस्कान सिंह ने दो विकेट चटकाए। मैन ऑफ द मैच कामरान रहे। मैन ऑफ द सीरीज कप्तान अफजल, बेस्ट बल्लेबाज मोहम्मद कामरान, बेस्ट गेंदबाज अबु बकर, बेस्ट विकेट कीपर चिराग, प्रतिभाशाली खिलाड़ी अवार्ड सीरीज के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी शिवांश को दिया गया।
इस्लामिया इंटर कॉलेज बना विजेता
तीसरे अंतर विद्यालयीय क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को बासुबरल विद्यालय और इस्लामिया इंटर कॉलेज की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। राजश्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए बासुबरल की टीम ने 99 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी इस्लामिया इंटर कॉलेज की टीम ने छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।
इसमें मैन ऑफ द मैच दीपक, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट व बेस्ट गेंदबाज शिवांश गोयल, बेस्ट बल्लेबाज फैजान जाफरी, बेस्ट विकेटकीपर पारस चुने गए। संस्थान के प्रबंध निदेशक रोहन बंसल ने खिलाड़ियों को संम्मानित किया। बताया कि संस्थान शिक्षण के साथ छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सदैव प्रयासरत है।
इस दौरान डीन डॉ. साकेत अग्रवाल, निदेशक डॉ. पंकज कुमार शर्मा, निदेशक डॉ. अनिल कुमार, रजिस्ट्रार दुष्यंत माहेश्वरी, प्राचार्य डॉ. मुकेश गंगवार, डॉ. सीपी गंगवार, कमलेश मित्तल, सपना पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।