Internet in Bareilly: बरेली में 45 घंटे बाद इंटरनेट सेवा बहाल, शहर के हालात को देखते हुए किया गया था बंद
बरेली में 45 घंटे बाद इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया। 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद शहर में बने हालात को देखते हुए बृहस्पतिवार दोपहर से इंटरनेट बंद कर दिया गया था।
विस्तार
बरेली में इंटरनेट सेवाओं को बहाल कर दिया गया है। शहर के हालात को देखते हुए शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे से इंटरनेट बंद किया गया था। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक जुमे की नमाज संपन्न हुई। इसके बाद शनिवार को दोपहर करीब एक बजे इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया। इंटरनेट शुरू होने से लोगों के फोन पर मैसेज आने लगे, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि इंटरनेट सेवा बंद होने से कारोबार से लेकर सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ था।
सरकारी काम-काज हुए थे प्रभावित
दो दिन इंटरनेट सेवा बंद होने से उद्यमी, व्यापारी, ग्राहक सभी परेशान हुए। सरकारी काम-काज भी प्रभावित रहा। शुक्रवार को कैश के लिए सुबह से ही एटीएम पर कतार लगी रही। दुकान, पेट्रोल पंप पर किसी ने उधारी से काम चलाया तो किसी को जिले के बाहर अस्थायी कार्यालय लगाना पड़ा। राज्य कर कार्यालय में विभागीय नेट संचालित रहा, लेकिन एमएसएस सेवा बंद होने से लॉगिन के लिए ओटीपी नहीं मिलने से कई जरूरी कार्य नहीं हो सके थे।
नहीं बने ई-वे बिल, ग्राहकों का करना पड़ा इंतजार
इंटरनेट सेवा ठप होने से एक बार फिर फैक्टरियों में उत्पादन और तैयार माल का निर्यात प्रभावित रहा। आईआईए चेयरमैन मयूर धीरवानी के मुताबिक, 50 हजार या इससे अधिक कीमत के माल को दूसरे जिले में भेजने के लिए ई-वे बिल जरूरी है। किराना, कपड़ा, दाल, घी मंडी के थोक बाजार में स्टॉक मंगाने की परेशानी रही। मेडिकल स्टोर पर भी ज्यादातर लोग दो दिन की दवा लेकर लौटे।
रोडवेज पर भी पड़ा था असर
इंटरनेट सेवा बंद होने से रोडवेज की ई-टिकटिंग मशीन (ईटीएम) भी ठप हो गई थी। इससे कई रूटों पर मैनुअल टिकट से काम चलाया गया। रोडवेज बसों में यात्री किराये का ऑनलाइन भुगतान भी नहीं कर सके। मैनुअल टिकट बनाने में परिचालकों को भी समस्या हुई। चालक-परिचालकों की ऑनलाइन ड्यूटी पर भी नहीं लग सकी। मैनुअल ड्यूटी लगाकर बसों का संचालन कराया जा रहा है। वहीं, आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या भी कम रही।
यह भी पढ़ें- बरेली बवाल: पुलिस ने 350 आरोपियों के फोन नंबर सर्विलांस पर लगाए, तलाश तेज; अवैध संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर
परिवहन विभाग की अटकी वसूली
इंटरनेट सेवाएं ठप होने से शुक्रवार को परिवहन विभाग का काम प्रभावित रहा। मैनुअल व्यवस्था की कोशिश की गई, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी। राजस्व वसूली पूरी तरह ठप हो गई थी। डीबीए आदित्य कुमार ने बताया कि शुक्रवार को इंटरनेट बंद होने से विभाग का काम पूर्ण रूप से बंद रहा। कार्यालय तो खुला, लेकिन सिर्फ पुरानी पत्रावलियों को देखा गया। शनिवार को इंटरनेट शुरू होने से राहत मिली है।