बरेली में आयकर का छापा: टैक्स चोरी की सूचना पर पान मसाला कारोबारी भाइयों के यहां हुई जांच, नोटिस जारी
दिल्ली और लखनऊ की आयकर टीमों ने बुधवार सुबह पान मसाला डीलर भाइयों के आवास और गोदाम पर छापा मारा। टीम ने खरीद-बिक्री और ट्रेडिंग आदि से जुड़े दस्तावेज खंगाले। दोनों को आयकर का नोटिस जारी हुआ है।
विस्तार
बरेली में जिन पान मसाला डीलर अमित भारद्वाज के यहां आयकर की टीमों ने छापा मारा, वो राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक हैं। आयकर का नोटिस दोनों भाइयों के नाम से जारी हुआ है। अमित सिर्फ पान मसाला के डीलर हैं। जबकि, उनके बड़े भाई रामसेवक के पास पान मसाला की डीलरशिप समेत आईटीसी की फ्रेंचाइजी भी है। पार्टनरशिप में बहेड़ी में चीनी मिल भी लगा रहे हैं। दोनों भाइयों के बीच संपत्ति विवाद भी है।
कर चोरी की सूचना पर लखनऊ और दिल्ली की आयकर टीमों ने बुधवार को संयुक्त रूप से छापा मारा। टीम ने खरीद-बिक्री और ट्रेडिंग आदि से जुड़े दस्तावेज खंगाले। एक भाई के आवास और गोदाम का ताला तोड़कर छानबीन शुरू की तो दूसरे की हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक जांच जारी रही। रात में दोनों भाइयों के घरों पर पुलिस का पहरा भी रहा।
राजेंद्रनगर निवासी अमित भारद्वाज और बीडीए कॉलोनी निवासी उनके बड़े भाई रामसेवक पान मसाला के डीलर हैं। सुबह सात बजे आयकर टीमें अमित के आवास और गोदाम पर पहुंचीं। दोपहर 12 बजे तक इसकी सूचना शहर में फैली तो व्यापारियों में खलबली मच गई। पल-पल की जानकारी के लिए लोगों के फोन घनघनाने लगे। मौके पर पहुंचे व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि अमित को चिकनपॉक्स हो गया है। डायबिटीज, बीपी की भी समस्या है।
कारोबारी की तबीयत बिगड़ी
टीम घर पहुंची तो उन्होंने जांच में सहयोग किया, पर भाई की गैरमौजूदगी में उनके घर में जाने से मना कर दिया। वह वृद्ध मां और दिव्यांग बेटे की देखभाल करते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में दोनों को कई दिक्कतें होंगी, पर टीम ने अनसुना किया। इसी तनाव में उनकी हालत बिगड़ गई। उनका इलाज कर रहे डॉ. राकेश कुशवाहा ने बताया कि अमित भारद्वाज जब इलाज के लिए पहुंचे तो बेहोशी की हालत में थे। उनको चिकनपॉक्स भी है। जांच कराई गई तो डायबिटीज, बीपी ज्यादा मिला। ऑक्सीजन का स्तर कम था। इलाज के बाद अब हालत खतरे से बाहर है।
अनुचित दबाव पर कार्रवाई की धमकी
अधिवक्ता अमजद सलीम का कहना है कि दोनों भाई अलग-अलग रहते हैं। दबाव बनाकर जांच के लिए उनके घर में प्रवेश करना अनुचित है। टीम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल के अध्यक्ष गौरव सक्सेना के मुताबिक आयकर टीम ने संगठन के संरक्षक के इन्कार करने पर आसपास के निवासियों को गवाह बनाकर जांच में सहयोग करने के लिए कहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया। टीम घर पर डेरा डाले हुए है। पक्ष जानने के लिए दोनों डीलर भाइयों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके नंबर बंद मिले।