UP: जामा मस्जिद के इमाम बोले- देश के हालत ठीक नहीं, हमारे सभी धर्म स्थलों पर बुलडोजर चलाए जा रहे
बरेली में जुमे की नमाज से पहले जामा मस्जिद में तकरीर हुई। इमाम ने कहा कि जहां मस्जिद बन गई वो कयामत तक मस्जिद कायम रहेगी।
विस्तार
बरेली के किला क्षेत्र स्थित शहर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम ने कहा कि देश के हालात ठीक नहीं हैं। हमारे धार्मिक स्थलों पर बुलडोजर चलाए जा रहे, यह चिंता का विषय है। मुफ्ती खुर्शीद ने यहां शुक्रवार को जुमे की नमाज से पहले अपनी तकरीर में यह बात कहीं। उन्होंने बिना किसी मस्जिद का नाम लिए बिना यह भी कहा कि जहां मस्जिद बन गई वो कयामत तक मस्जिद कायम रहेगी। इधर शुक्रवार को मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही।
मस्जिदों के पास तैनात रहा पुलिस बल
आईजी कानून व्यवस्था एलआर कुमार ने अलर्ट जारी किया था। खासतौर से वाराणसी व बरेली में निगरानी का निर्देश दिया गया। शुक्रवार दोपहर मस्जिदों के पास पुलिस बल तैनात रहा। आने-जाने वालों पर भी खास नजर रखी गई। कोतवाली क्षेत्र में इंस्पेक्टर डीके शर्मा के साथ पुलिस बल ने रूट मार्च किया।
बिहारीपुर की तंग गलियों में पुलिस ने घूमकर जायजा लिया। नौमहला मस्जिद से लेकर जामा मस्जिद तक अन्य दिनों की अपेक्षा नमाजी ज्यादा संख्या में पहुंचे। अन्य थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने रूट मार्च किया। ड्रोन से भी निगरानी की गई। एसएसपी व एसपी सिटी समेत अधिकारियों ने जायजा लिया।
आंवला में भी पुलिस रही मुस्तैद
आंवला में भी जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखा। सुबह 11 बजे एसडीएम गोविंद मौर्य, सीओ नीलेश मिश्र व कोतवाल आरके शर्मा ने पुलिस बल के साथ नगर के मुख्य मार्गोँ में फ्लैग मार्च किया। नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस तैनात रही।