Bareilly: मुर्गी फॉर्म में केमिकल से बना रहे थे नकली शराब, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बड़ा बाईपास के पास मुर्गी फॉर्म में केमिकल से नकली शराब बनाई जा रही थी। पुलिस और आबकारी टीम ने छापा मारकर अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बड़ा बाईपास के पास बृहस्पतिवार को मुर्गी फॉर्म में संचालित अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ हुआ। आबकारी व थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से भारी मात्रा में शराब बनाने का केमिकल व उपकरण बरामद हुए। तीन आरोपी भागने में सफल रहे।
गांव सैदपुर चुन्नीलाल के जंगल में बड़ा बाईपास के पास इस्लामुद्दीन के मुर्गी फार्म का कुछ हिस्सा धंधेबाजों ने किराए पर ले रखा था। यहीं आरोपी अवैध देसी शराब बनाते थे। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव धौरेरा माफी में किराये के मकान में शराब बनाने का सामान रखते थे।
केमिकल मिलाकर बनाते थे नकली शराब
प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि रेक्टिफाइड स्प्रिट में पानी व केमिकल मिलाकर देसी शराब तैयार की जाती थी। अवैध शराब को आरोपी रंजीत सिंह निवासी कुसुम नगर थाना बारादरी व नीरज गुप्ता निवासी राजीव कॉलोनी थाना सुभाष नगर कार व बाइक से गांव से लेकर शहर में सप्लाई करते थे। इनके साथ इस्लामुद्दीन निवासी सैदपुर खजुरिया थाना बिथरी चैनपुर, गिरीश निवासी रिछोला थाना नबावगंज को गिरफ्तार किया गया।
धनपाल निवासी वार्ड दो ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर (उत्तराखंड), राजू सक्सेना निवासी सैनीनगर शिव मंदिर वाली गली धमोरा थाना शहजादनगर जिला रामपुर, राजेंद्र सिंह उर्फ राजा पुत्र ज्ञान सिंह निवासी लेबर कॉलोनी थाना सीबीगंज मौके से फरार हो गए। ज्यादातर आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह सामान बरामद
1230 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिट, 490 पौव्वा देसी शराब, 2749 फर्जी लेवल, 3285 ढक्कन सील सहित 1356 खाली पौव्वे, 8194 नकली क्यूआर कोड, एक लीटर कैरेमल, एक अल्कोहल मीटर, एक सेक्शन पाइप व 50 लीटर के 21 ड्रम।