सीएम ग्रिड योजना: बरेली में सड़क के बीच आ रहे अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त, धार्मिक स्थल किए जाएंगे शिफ्ट
Bareilly News: बरेली में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों का सुंदरीकरण और चौड़ीकरण होना है। फुटपाथ का निर्माण होना है। सड़कों की जद में आ रहे अवैध निर्माण और धार्मिक स्थल चिन्हित किए गए हैं।
विस्तार
बरेली में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों के निर्माण में बाधक बन रहे धार्मिक स्थलों को शिफ्ट किया जाएगा। निर्माणाधीन सड़कों की जद में आ रहे अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। नगर निगम के निर्माण विभाग की टीम ने इसका सर्वे करके नगर आयुक्त को रिपोर्ट सौंप दी है। निगम के अधिकारी अवैध निर्माण को हटाने के लिए पहले चेतावनी दे रहे हैं। समय रहते उनको नहीं हटाया गया तो नगर निगम उसे ध्वस्त कराएगा।
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर की सड़कों को मॉडल रोड के तौर पर विकसित किया जा रहा है। कार्यदायी एजेंसी की शिकायत पर नगर निगम ने हाल ही में मॉडल टाउन रोड से डीडीपुरम चौराहे तक सर्वे कर अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों, दुकानों और खोखों पर लाल निशान भी लगाए थे। स्टेडियम रोड, एकतानगर में भी टीम अवैध निर्माण को चिह्नित कर रही थी।
ये भी पढ़ें- यूपी में पुलिस चौकी के सामने कत्ल: ठेकेदार के भाई की हत्या...इस बदलाव से खफा थे कुली, करते थे मारपीट; तस्वीरें
अब यह सर्वे पूरा हो चुका है। टीम ने नगर आयुक्त को जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें कई धार्मिक स्थलों का भी जिक्र है। शुरुआती असमंजस के बाद अब नगर निगम प्रशासन निर्माण में बाधक बन रहे धार्मिक स्थलों को शिफ्ट करने की योजना बना रहा है। हालांकि, इससे पहले उच्चाधिकारी खुद सर्वे करेंगे और संबंधित पक्ष से बातचीत के बाद ही कोई फैसला लेंगे।
रिपोर्ट में 15 धार्मिक स्थलों का है जिक्र
नगर आयुक्त को सौंपी गई रिपोर्ट में 15 धार्मिक स्थलों का जिक्र किया गया है। इसमें महर्षि कश्यप चौक के पास सबसे अधिक धार्मिक स्थल हैं। डीडीपुरम रोड पर भी सड़क के पास एक धार्मिक स्थल है।
3.4 किमी सड़क का होना है निर्माण
पहले चरण में सीएम ग्रिड योजना के तहत 3.4 किमी सड़कों का सुंदरीकरण और चौड़ीकरण होना है। किनारों पर फुटपाथ का निर्माण होगा। बिजली लाइनें भूमिगत की जाएंगी। मौजूदा समय में कुष्ठ आश्रम रोड पर सीवर लाइन का काम चल रहा है। कार्यदायी एजेंसी के मुताबिक प्रोजेक्ट को चार भागों में बांटा गया है। कुष्ठ आश्रम रोड पर खोदाई का काम पूरा हो चुका है। डीडीपुरम रोड पर खोदाई की जा रही है। इसके बाद महर्षि कश्यप चौक से डेलापीर चौराहे तक फुटपाथ और हरियाली विकसित की जाएगी।
मिट्टी के वजन से टूटी वैकल्पिक सीवर लाइन
डीडीपुरम निवासी आरएन मेहरोत्रा ने सीएम ग्रिड योजना के तहत हो रहे कार्यों का विरोध किया है। उन्होंने बताया कि उनके आवास के आगे वर्ष 2004 में डाली गई सीवर लाइन को तोड़ दिया गया। विरोध करने पर वहां एक पतली पाइप लाइन डाल दी गई। मंगलवार को अधूरे नाले में क्रेन से मिट्टी डाल दी गई। मिट्टी के वजन से पाइप लाइन टूट गई। इससे वहां गंदगी फैल गई।
ठेकेदार को मामले की जानकारी दी तो उसने कहा कि शाम तक ठीक हो जाएगी, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। कार्यस्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मांग की है कि निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों की समस्याओं का भी निस्तारण कराएं।
सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों को शिफ्ट कर उनका सौंदर्यीकरण करने पर मंथन चल रहा है। अन्य अवैध निर्माण को हटाने के लिए चेतावनी दी गई है। संबंधित लोगों ने अपना अवैध निर्माण स्वयं नहीं हटया तो निगम उसे ध्वस्त कराएगा। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त