मीरगंज। कस्बे में स्थित इफको ई-बाजार केंद्र पर सोमवार सुबह से ही किसानों की यूरिया-खाद लेने के लिए लंबी लाइन लग गई, लेकिन तय समय पर केंद्र न खुलने से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ी। नियमानुसार केंद्र को सुबह 9:00 बजे खुल जाना चाहिए था, जबकि यह 10:30 बजे तक बंद रहा।
केंद्र के बाहर ठंड और कोहरे में खड़े किसानों में नाराजगी देखने को मिली। किसानों का कहना है कि वे दूरदराज के गांवों से समय पर पहुंच गए थे, लेकिन केंद्र देर से खुलने के कारण उनका कीमती समय बर्बाद हुआ। केंद्र प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सोमवार को उन्हें बदायूं से आना होता है। घने कोहरे के चलते रास्ते में देरी हो गई। इसी वजह से केंद्र देर से खुल सका। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में केंद्र के समय पालन को सख्ती से सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस तरह की समस्या दोबारा न हो। संवाद