पप्पू हत्याकांड: देर से घर पहुंचा पति तो एक दिन बढ़ गई उम्र, 24 घंटे बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर मार डाला
बरेली के भुता क्षेत्र में पप्पू की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी नरगिस और उसके प्रेमी राजा को जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है। पहले दिन नाकाम होने पर आरोपियों ने दूसरे दिन वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव फैजनगर निवासी नरगिस अपने प्रेमी रियाज के साथ मिलकर 10 सितंबर की रात ही पति पप्पू की हत्या कर देती, लेकिन वह देर से घर पहुंचा। इस वजह से उसकी जिंदगी एक दिन बढ़ गई। 11 सितंबर को नरगिस और रियाज ने प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर पप्पू को मार डाला और शव बोरे में बंद कर मिर्जापुर भट्ठे के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को मृतक के भाई बंदन की तहरीर पर हत्या, साक्ष्य मिटाने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर शव बरामद कर लिया। हत्यारोपी नरगिस और उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया है।
मूल रूप से भमोरा थाने के गांव बल्लिया निवासी पप्पू अपनी पत्नी नरगिस और तीन बेटे व तीन बेटियों के साथ फैजनगर में आकर बस गया था। पूछताछ में सामने आया कि रियाज का पप्पू के घर आना-जाना था। तीन-चार साल पहले रियाज और पप्पू की पत्नी नरगिस के बीच प्रेम संबंध हो गए। 10 सितंबर को पप्पू ने नरगिस और राजा को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस दौरान रियाज तो वहां से भाग गया, लेकिन पप्पू ने नरगिस की पिटाई कर दी थी।
पूछताछ में नरगिस ने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर की शाम उसने रियाज के साथ मिलकर पप्पू की हत्या करने की ठान ली थी, लेकिन वह काफी देर से घर आया। इसके बाद वह रात में रियाज का इंतजार करती रही। रियाज नहीं आया तो पप्पू बच गया। 11 सितंबर की रात नरगिस ने रियाज को बुलाया। घर में पप्पू सो रहा था। नरगिस ने पप्पू के पैर पकड़ लिए और रियाज ने प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
रियाज की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पूछताछ के दौरान रियाज ने पहले पुलिस को बताया कि उसने पप्पू का शव बहगुल नदी में फेंका है। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी शव नहीं मिला तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद रियाज की निशानदेही पर मिर्जापुर भट्ठे के पास से शव बरामद हो गया। जिस रस्सी से पप्पू का गला घोंटा गया था, वह रस्सी भी बरामद हो गई है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के मामले में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.