पीलीभीत में दर्दनाक हादसा: शादी में दावत खा रहे लोगों पर गिरी दीवार, दो युवकों की मौत, 10 घायल
Pilibhit News: बीसलपुर कोतवाली के गांव भसूंडा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह में दावत खा रहे लोगों पर कच्ची दीवार गिर गई, जिसके मलबे में 12 लोग दब गए। दो युवकों की मौत हो गई।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भसूंड़ा में शनिवार की देर रात कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबकर दो युवकों की मौत हो गई। 10 से अधिक लोग घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे से वैवाहिक समारोह में मातम पसर गया। विधायक और एसडीएम ने मौका-मुआयना कर मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
गांव भसूंड़ा निवासी छेदालाल ने बताया कि उनकी पुत्री काजल की बरात शनिवार की रात बरेली के थाना फरीदपुर के गांव मनोहरपुर से आई थी। बरात को गांव के बाहर ठहराया गया था। बरातियों और घरवालों के खाने की व्यवस्था के लिए मोहल्ले के ही दिनेश शर्मा के घर के पास खाली मैदान में पंडाल लगाया गया। पंडाल दिनेश शर्मा के घर की कच्ची जर्जर दीवार से बिल्कुल सटा था।
UP: 16 साल के किशोर ने युवक संग मिलकर ग्रामीण को मार डाला, नौ दिन बाद बरामद हुआ कंकाल
घटनास्थल के पास बज रहा था डीजे
कुछ दूरी पर डीजे बज रहा था। रात करीब 11 बजे कन्या पक्ष के करीब 12 लोग उसी पंडाल में खाना खा रहे थे। इसी समय दिनेश के घर की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान रात करीब 1:30 बजे भंसूड़ा निवासी महावीर (25) पुत्र रोशनलाल और बरेली के थाना भुता के गांव लहिया कोठे निवासी चंद्रवीर (28) पुत्र रुद्रप्रसाद की मौत हो गई। दोनों अविवाहित थे और मजदूरी करते थे। पुलिस ने मृतकों का शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे के बाद गमगीन माहौल में विवाह की रस्में पूरी की गईं।
हादसे में यह लोग हुए घायल
दीवार के मलबे में दबकर घायल होने वालों में भसूंड़ा निवासी छेदालाल, हरनंदन, रामचरन, मंगू, पप्पू, गुड्डू, अशोक, अवनीश, सुरेश, हीरालाल शामिल हैं। इसके अलावा थाना जहानाबाद के गांव गरगईया निवासी रामचरन, बरेली के थाना हाफिजगंज के गांव काशीधरमपुर निवासी महीपाल भी घायल हुए।