बरेली में बारिश से मकान ढहा: अंदर सो रहे युवक की चमत्कारिक रूप से बची जान, चारपाई से उछल तालाब में जा गिरा
बरेली जिले के सूदनपुर गांव में रविवार तड़के बरसात से एक मकान ढह गया। इसमें नन्हें के बेटे राजेश की जान चमत्कारिक रूप से बच गई। राजेश कमरे में सो रहा था, जब लेंटर गिरा। वह चारपाई से उछलकर तालाब में जा गिरा, जिससे उसे खरोंच तक नहीं आई।
विस्तार
बरेली के सदर तहसील क्षेत्र के सूदनपुर गांव में रविवार तड़के बरसात के कारण नन्हें का पक्का मकान लेंटर सहित अचानक धराशायी हो गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन नन्हें के पुत्र राजेश की जान चमत्कारिक रूप से बच गई। मकान के मलबे में एक ट्रैक्टर भी दब गया है।
नन्हें का 30 वर्षीय बेटा राजेश कमरे में चारपाई पर सो रहा था। लेंटर गिरने पर उसकी चारपाई हवा में उछलकर बाहर जा गिरी। राजेश उछलकर पास के तालाब में जा गिरा, जिससे उसे खरोंच तक नहीं आई। इसे लोग चमत्कार मान रहे हैं।
नन्हें ने बताया कि वह सुबह करीब चार बजे भैंस को चारा डालने गए थे। इसी बीच मकान का लेंटर भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया है। घटना के चार घंटे बाद भी कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है।
लोग बोले- जाको मारे साइयां मार सके न कोय
राजेश की चारपाई मच्छरदानी समेत हवा में उछलकर सीधी खड़ी हो गई। वह मकान के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। इस अनोखे घटनाक्रम के चलते युवक को खरोंच तक नहीं आई। ग्रामीणों का कहना था कि जाको राखे साइयां, मार सके न कोय।