लखीमपुर खीरी: पिंजरे में नहीं फंसा तेंदुआ, दबोच ले गया कुत्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कस्बा के निकट चौधीपुर गांव के पास एक साथ तीन तेंदुओं के दिखने और खेत में ग्रामीणों पर झपट्टा मारने के बाद वन विभाग ने तेंदुओं को आबादी से दूर रखने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने इसके लिए एक पिंजरा भी लगवाया है और शनिवार रात उसमें एक बकरा भी बांधा गया, लेकिन एक भी तेंदुआ पिंजरे के पास नहीं आया। अलबत्ता खेत से एक कुत्ते को उठा ले गया।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मैलानी रेंज की जटपुरा बीट और बांकेगंज कस्बा से सटे चौधीपुर गांव अंतर्गत शनिवार सुबह आबादी से सटे खेतों में काम रहे ग्रामीणों पर एक तेंदुए ने छलांग लगाई थी। यह सूचना पाकर वन विभाग ने तेंदुए को आबादी से दूर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने शनिवार शाम ही गांव से सटी खारजा नहर के पुराने भट्ठे की झाड़ियों के बीच एक पिंजरा भी लगाया। इस पिंजरे में एक बकरा भी बांधा गया, लेकिन कोई तेंदुआ पिंजरे के पास नहीं फटका।
चौधीपुर के ग्रामीणों ने शुक्रवार की शाम बड़ी नहर पटरी पर तीन तेंदुओं को एक साथ चहलकदमी करते हुए देखा था। इसके बाद से वन विभाग और अधिक सतर्क हुआ है। तेंदुए की निगरानी में लगी वन विभाग की टीम में शामिल फॉरेस्टर मोहम्मद उमर, राजेंद्र वर्मा, रामपाल यादव ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और न ही मवेशियों को जाने दें।
केले के खेत से निकलकर कुत्ते को दबोचा
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की जटपुरा बीट और बांकेगंज कस्बा से सटे चौधीपुर गांव निवासी किसान आसाराम आबादी से सटे खेत में गेहूं की बोवाई कर रहा था। जहां कुछ दूरी पर किसान का पालतू कुत्ता भी बैठा था।
इस दौरान खेत से सटे केले के खेत से निकले तेंदुए ने कुत्ते को निवाला बनाया। सूचना पर पहुंचे फॉरेस्टर राजेंद्र वर्मा, रामपाल यादव ने खेत में पगचिह्न देखकर तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि की है। डीडी बफरजोन डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि चौधीपुर गांव में तेंदुए द्वारा कुत्ते को निवाला बनाने की सूचना मिली है। मैलानी रेंज वन कर्मियों की टीम तेंदुए की निगरानी कर रही है। डीडी ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की बात कही है।
चौधीपुर गांव आबादी के पास तीन तेंदुए मौजूद होने की सूचना मिली है। वन कर्मियों ने पगचिह्न देखकर इसकी पुष्टि की है। इससे वहां सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को चाहिए कि आबादी के निकट तेंदुआ दिखाई पड़ने पर इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। - डॉ. अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व, बफरजोन