Weather Update: बरेली में झमाझम बारिश, तापमान गिरने से ठंडक का एहसास; अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
बरेली में सोमवार को दिनभर सूरज बादलों में छिपा रहा। शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश होने लगी। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र ने अगले तीन दिन तक और बारिश होने के आसार जताए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हैं। दिन में बूंदाबादी होती रही। शाम करीब साढ़ पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से कई जगह सड़कों पर जलभराव हो गया, जो लोगों के लिए आफत का सबब बना। वहीं, तापमान में गिरावट से मौसम ठंडा बना हुआ है। अगले तीन दिन तक बादल मंडराने से तापमान स्थिर रहने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक यह बारिश किसानों के लिए बेहतर साबित होगी। सिंचाई की जरूरत कम होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार शाम से ही बारिश के अनुकूल माहौल बनने लगा था। रात 12 बजे से बारिश शुरू हुई जो रुकरुक कर भोर तक जारी रही। इससे रविवार को दिन भर हवा में हल्की ठंड का अहसास लोगों ने किया। दिन में भी घने बादल छाए रहे। सोमवार को दिनभर सूरज बादलों में छिपा रहा। शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश होने लगी। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र ने अगले तीन दिन तक और बारिश होने के आसार जताए हैं।
बारिश से अब नुकसान की संभावना बेहद कम
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रंजीत सिंह के मुताबिक अब बारिश से नुकसान की आशंका बेहद कम है। जिनके खेत खाली हैं, उन्हें ढैंचा बोने के लिए पलेवा नहीं करना पड़ेगा। उड़द, मूंग समेत जिन फसलों में फूल और फली बन रही हैं, इनके उत्पादन में वृद्धि होगी। मेंथा, हरी मिर्च, टमाटर, भिंडी, लौकी, तोरई के लिए भी बारिश लाभकारी होगी। हालांकि, पत्तेदार सब्जियों पर इसका दुष्प्रभाव होगा।
भीगने से बचें और ज्यादा पानी पीयें
आरोग्य मेला के नोडल अधिकारी डॉ. सीपी सिंह के मुताबिक बेमौसम हो रही बारिश लोगों को बीमार बना सकती है। रविवार को 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेला में बुखार के 298, गैस्ट्रो के 408 और त्वचा संबंधी 594 मरीज इलाज कराने पहुंचे। उन्हें भीगने से बचने, ज्यादा पानी पीने, धूप के सीधे संपर्क में न आने, तबीयत बिगड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा है।