Bareilly News: आज हाईकोर्ट में भी सुनवाई, राहत की उम्मीद में मौलाना तौकीर रजा के समर्थक
बरेली में कुछ समय पहले तक खुद को गिरफ्तार कराने पर अड़े मौलाना तौकीर रजा खां अब ढूंढने पर भी पुलिस को नहीं मिल रहे। मंगलवार को हाईकोर्ट में भी मौलाना की अर्जी पर सुनवाई होनी है। उनके समर्थक राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
डेढ़ महीने पहले आईएमसी प्रमुख गिरफ्तारी देने पर अड़े थे। देश में मुस्लिमों का शोषण होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला किया था और जुमे की नमाज के बाद सामूहिक गिरफ्तारी का ऐलान किया था।
उनके आह्वान पर काफी भीड़ बिहारीपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची थी जहां उन्हें आईएमसी के अन्य पदाधिकारियों के साथ नजरबंद किया गया था। इस्लामिया कॉलेज मैदान न जाने देने पर एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा से उनकी तीखी झड़प हुई थी। बाद में सभा से लौट रही भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने श्यामगंज बाजार में तोड़फोड़ कर दी थी।
Bareilly: पुलिस की 10 टीमें... चार राज्य, नहीं लगा पाईं मौलाना तौकीर का सुराग, घर पर गैरजमानती वारंट चस्पा
अब वही मौलाना गिरफ्तारी से बचने के लिए यहां-वहां घूम रहे हैं। मोबाइल फोन भी बंद किए हैं। उन्होंने राहत के लिए हाईकोर्ट में भी अर्जी लगा रखी है। इस मामले में भी 19 मार्च को सुनवाई होनी है। पुलिस की टीमें लखनऊ व प्रयागराज भी पहुंच गई हैं।
केस ट्रांसफर करने की अर्जी पर आदेश 21 को
वर्ष 2010 के दंगे के केस की फाइल ट्रांसफर करने की अर्जी पर जिला जज की अदालत में सुनवाई पूरी हो गई है। सोमवार को कोर्ट में दोनों पक्षों की ओर से बहस की गई। इस मामले पर आदेश के लिए 21 मार्च की तारीख नियत की गई है। उल्लेखनीय है कि मुकदमे के एक अन्य अभियुक्त शाहरुख ने मामले को किसी और कोर्ट में स्थानांतरित करने के लिए जिला जज की कोर्ट में अर्जी दी है।