चालक की पिटाई का मामला: बरेली में सपा विधायक के खिलाफ डेढ़ महीने में भी साक्ष्य नहीं जुटा सकी जीआरपी
सपा विधायक के कार चालक ने 29 अक्तूबर को उनके खिलाफ पीटने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में जीआरपी को अब तक पिटाई के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में चालक की पिटाई और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में डेढ़ माह के बाद भी सपा विधायक शहजिल इस्लाम के खिलाफ जीआरपी साक्ष्य नहीं जुटा सकी है। मामले में जांच सीओ जीआरपी देवी दयाल कर रहे हैं। घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगाने के बाद इनकी भी जांच की गई, लेकिन विधायक पर लगे आरोप पुष्ट नहीं हुए हैं।
भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम के कार चालक ने 29 अक्तूबर को विधायक के खिलाफ पीटने और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चालक के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। सपा विधायक के खिलाफ दर्ज मामला गैर जमानती है। ऐसे में पहले माना जा रहा था कि विधायक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जांच आगे बढ़ने के दौरान विधायक के खिलाफ आरोप अब तक पुष्ट नहीं हो सके हैं।
एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज भी देखे गए हैं। इनमें विधायक जाते हुए दिख रहे हैं। आरोप लगाने वाला चालक भी दिख रहा है, लेकिन चालक को पीटने और जाति सूचक शब्द कहने जैसी पुष्टि नहीं हो रही है। फिलहाल मामले में जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ज्यादा कुछ कहा जा सकता है।
पीड़ित बोला- मुख्यमंत्री के दरबार में करेगा फरियाद
इधर, विधायक पर आरोप लगाने वाले चालक धर्मेंद्र का कहना है कि उस पर बयान बदलने के लिए कई बार दबाव बनाया गया है। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। जीआरपी सपा विधायक को क्लीनचिट देना चाहती है। वह अब मुख्यमंत्री से मिलकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। दबाव बनाए जाने संबंधी शिकायत पहल ही वह एसएसपी बरेली से कर चुका है।