फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Grocery market captives announced for nine days from today

आज से नौ दिन तक किराना बाजार बंदी का एलान

Sat, 18 Jul 2020 02:17 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sat, 18 Jul 2020 02:17 AM IST
विज्ञापन
Grocery market captives announced for nine days from today
बाजार में लगी भीड़। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

बाजार खुलवाने पर आमादा किराना व्यापारी अब खुद कोरोना के खौफ से बैकफुट पर
विज्ञापन

व्यापारी संक्रमित हुए तो किराना बाजार में फैली दहशत, श्यामगंज किराना एसोसिएशन ने किया बंदी का फैसला

बरेली। कोरोना संक्रमण के शहर में गंभीर होते हालात के कारण शुक्रवार को खुद व्यापारियों ने नौ दिन के लिए किराना बाजार पूरी तरह बंद करने का एलान कर दिया। श्यामगंज किराना एसोसिएशन की ओर से की घोषणा के मुताबिक सोमवार से 26 जुलाई तक किराना के साथ मसाला और मेवा बाजार भी बंद रखा जाएगा। किराना एसोसिएशन के इस फैसले के बाद बाजार बंदी को लेकर महीने की शुरुआत से ही आपसी जद्दोजहद में उलझे व्यापारी संगठनों की राजनीति पर भी विराम लग गया है।
शहर में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है लेकिन इसके बावजूद बाजारों में भीड़भाड़ कम होने में नहीं आ रही थी। जुलाई की शुरुआत में कुछ व्यापारी संगठनों ने व्यापारियों पर कोरोना संक्रमण का भारी खतरा होने का अंदेशा जताते हुए 15 दिन के लिए बाजार बंद कराने की मुहिम शुरू की लेकिन दूसरे व्यापारी संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। व्यापारी संगठनों का यह टकराव कुछ जनप्रतिनिधियों की मध्यस्थता के बाद उस वक्त तो टल गया लेकिन हाल ही में जिला प्रशासन की ओर से तारीखवार बाजार खोलने का रोस्टर जारी किए जाने के बाद एक बार फिर बढ़ गया। व्यापारियों के एक गुट ने रोस्टर का विरोध करते हुए सप्ताह में दो दिन की बंदी के अलावा बाकी पांचों दिन बाजार खोलने की अनुमति देने की मांग करते हुए जिला प्रशासन के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान छेड़कर व्यापारी हितों की अनदेखी का आरोप लगाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

रोस्टर और बाजार बंदी के विरोध की अगुवाई प्रमुख तौर पर उद्योग व्यापार मंडल कर रहा था लेकिन अब उसी के सहयोगी संगठन श्यामगंज किराना एसोसिएशन ने अचानक पाला बदल दिया। शुक्रवार को किराना एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक बैठक करने के बाद 20 से 26 जुलाई तक किराना, मसाला और ड्राई फ्रूट्स की सभी दुकानें बंद करने की घोषणा कर दी। बैठक में तय किया गया कि बाजार में बाहर से तो माल आएगा लेकिन यहां से लोडिंग नहीं की जाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन सब्बरवाल और महामंत्री त्रिलोकी नाथ गुप्ता ने कहा कि शहर में जिस तरह कोरोना संक्रमण फैल रहा है और व्यापारी भी लगातार उसकी चपेट में आ रहे हैं, उसे देखते हुए यह फैसला लेने के अलावा कोई चारा नहीं रह गया है। बता दें कि शनिवार और रविवार को शासन के आदेश के तहत बाजार बंद रहना है। 20 से 26 जुलाई तक व्यापारियों ने खुद बाजार बंद रखने का फैसला लिया है लिहाजा शनिवार से नौ दिन बाजार बंद रहेगा। व्यापारी नेता सुदेश अग्रवाल इस फैसले का स्वागत किया है। विशाल मेहरोत्रा ने कहा है जो लोग 15 दिन तक कारोबार बंद रखने का आह्वान को गलत बता रहे थे वे अब खुद बंद का ऐलान कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

श्यामगंज में 10 से ज्यादा व्यापारियों के संक्रमित होने के बाद लिया फैसला

शहर के ज्यादातर व्यापारी अब तक हर दिन पूरा बाजार खोलने की इजाजत दिए जाने की मांग कर रहे थे। 15 जुलाई को लागू हुए जिला प्रशासन के रोस्टर का भी भरसक विरोध किया जा रहा था लेकिन इसी बीच श्यामगंज के 10 व्यापारियों के कोरोना संक्रमित हो जाने की वजह से इस अभियान की हवा निकल गई और व्यापारी खुद बैकफुट पर आ गए। चूंकि सबसे ज्यादा भीड़ श्यामगंज बाजार में ही होती है लिहाजा यहां किराना बाजार को नौ दिन के लिए बंद करने का एलान कर दिया गया।

खतरा बढ़ने के बाद भी बाजारों में भीड़भाड़

कोरोना संक्रमण के अब हर रोज 40 से 50 मरीज मिल रहे हैं। कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला भी तेज होता जा रहा है। इस हफ्ते में पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल और आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोंधी समेत शहर की कई नामचीन हस्तियां भी कोरोना की चपेट में आई हैं। डॉ. सोंधी की शुक्रवार को मौत भी हो गई। हैरत की बात यह है कि इसके बावजूद शहर के बाजारों में भीड़भाड़ कम नहीं हो रही है। यह भीड़भाड़ अब तक व्यापारियों को खूब रास आ रही थी लेकिन अब यही भीड़ उन्हें भी डराने लगी है।

आरोप: पुलिस-प्रशासन की ढिलाई से बेकाबू हो रहे हैं हालात

व्यापारी भीड़भाड़ की वजह से हालात बिगड़ने के लिए पुलिस और प्रशासन के अफसरों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। ज्यादातर व्यापारियों का कहना है कि बाजार में बढ़ती भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस और प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि दिन भर श्यामगंज क्षेत्र में अवैध वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा की भरमार रहती है। इन्हीं की वजह से सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है। गलियों तक के दुकानदार इससे बेहद परेशान हैं।

बाजार में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई व्यापारी भी चपेट में आ गए हैं। इसलिए 20 से 26 तक मिर्च, मसाला, ड्राईफ्रूट, किराना से जुडे़ कारोबार बंद करने का फैसला लिया गया है। - गुलशन सब्बरवाल, अध्यक्ष श्यामगंज किराना एसोसिएशन

आज और कल बाजार पूरी तरह बंद

शनिवार और रविवार को शासन के निर्देश के तहत शहर में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां रहेंगी। आवश्यक वस्तु और दवाओं को छोड़कर सभी बाजार बंद रहेेंगे। इन दो दिनों में बाजार में सैनिटाइजेशन और सफाई अभियान चलेगा। आवागमन पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

आज केंद्रीय मंत्री से मिलेंगे व्यापारी

पूरा बाजार खुलवाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से उद्योग व्यापार मंडल प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता अपने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ मिलेंगे। राजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को फिर कहा कि बाजार पांचों दिन खुलना चाहिए। दुर्गेश खटवानी ने कहा कि प्रशासन बाजार का समय चाहे कम कर दे लेकिन पूरा बाजार खुले। व्यापारी नेता केके चंदानी ने कहा कि बाजार दो पालियाें में खुलना चाहिए। एक साथ बाजार खोलना उचित नहीं होगा क्योंकि बाजार में संक्रमण ने तेजी से दस्तक दे दी है। बरेली मर्चेंट एसोसिएशन के प्रमुख जफर बेग और राजीव ऐरन ने भी मौजूदा रोस्टर को रद्द करने की मांग करते हुए बाजार को पांचों दिन खोलने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed