Bareilly: फ्लाईओवर पर चलते टेंपो से कूदकर भागी बेटी, पिता ने पकड़कर पीटा, जमकर हुआ हंगामा
बरेली के चौपुला फ्लाईओवर पर रविवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक युवती अपने पिता को देखकर चलते ऑटो से कूदकर भागने लगी। पिता ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के हजियापुर में अपने घर से कुछ दिन पहले निकली युवती चौपुला पुल पर टेंपो से जाते वक्त पिता को मिली तो खासा हंगामा हो गया। पिता को देखकर बेटी टेंपो से कूदकर भागी तो पिता ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुल पर वाहनों को रोककर लोग तमाशा देखने लगे। भीड़ लगी तो पुलिस पहुंच गई और पिता-पुत्री को समझाकर बाइक से घर भेज दिया।
हजियापुर निवासी व्यक्ति की बेटी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी। पिता ने जानकारी जुटाई को पता लगा कि वह किसी युवक के संपर्क में है। तब से पिता बेटी को हर जगह तलाश कर रहा था। रविवार सुबह दस बजे उसे सूचना मिली कि बेटी ऑटो में बैठकर बदायूं रोड की ओर जा रही है। वह सुराग जुटाता हुआ बाइक से चौपुला पुल पहुंचा। वहां उसे बेटी ऑटो में जाती हुई दिखाई दे गई।
ये भी पढ़ें- UP News: मुस्लिम से हिंदू बनी खुशबू को अगवा कर ले गए मायके वाले, बरेली के युवक से किया था प्रेम विवाह
सड़क पर बेटी को पीटा
पिता ने ऑटो रुकवाने की कोशिश की तो बेटी ऑटो से कूदकर भागने लगी। पिता ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई लगा दी। बेटी ने भी बचाव में हाथ-पैर चलाए। मारपीट देखकर भीड़ लग गई। वाहनों को रोककर चालक भी पुल पर हो रहा तमाशा देखने लगे, जिससे जाम की स्थिति बन गई। बाद में भीड़ ने दोनों को बचाया।
पिता ने बताया कि यह उनकी बेटी है, जो घर से चली गई थी, वहीं बेटी ने पिता को पहचानने से इनकार कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। दोनों से बातचीत के बाद यह पुष्टि हो गई कि बेटी वास्तव में ही घर से चली गई थी और परिवार उसे साथ रखना चाहता है। इसलिए पुलिस ने युवती को समझाकर पिता के साथ बाइक से भेज दिया और वाहनों को आगे बढ़वाकर जाम खुलवाया।